राँची:मोरहाबादी चिल्ड्रन पार्क की ठेकेदारी के लिए 22 लाख की न्यूनतम बोली तय…

 

-राँची नगर निगम ने जारी किया ई-नीलामी का टेंडर, 11 नवंबर तक जमा होगी ईएमडी राशि और 12 नवंबर को लगेगी बोली

राँची।राजधानी राँची  के प्रमुख सैर-सपाटे वाले स्थल मोरहाबादी स्थित चिल्ड्रेंस पार्क के संचालन और प्रबंधन को लीज पर लेने के इच्छुक संवेदकों के लिए जरूरी खबर सामने आई है। अगर आप इस पार्क को ठेके पर लेने की योजना बना रहे हैं, तो इसके लिए आपको अपनी जेब अच्छी-खासी ढीली करनी पड़ेगी।राँची नगर निगम ने मोरहाबादी चिल्ड्रेंस पार्क को लीज पर देने के लिए ऑनलाइन ई-नीलामी की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जिसके तहत पार्क का न्यूनतम शुरुआती आधार मूल्य (स्टार्टिंग प्राइस) 22 लाख 7 हजार 629 रुपए निर्धारित किया गया है।यानी इस पार्क का जिम्मा संभालने के लिए बोलीदाताओं को कम से कम 22 लाख रुपए से अधिक की बोली लगानी होगी।

निगम के बाजार शाखा के अनुसार, पार्क के लीज आवंटन के लिए प्री-बिड बयाना राशि 5 लाख 51 हजार 908 रुपए तय की गई है। इच्छुक बोलीदाताओं को ई-नीलामी में हिस्सा लेने से पहले 11 नवंबर 2026 तक यह ईएमडी राशि जमा करनी होगी।इसके बाद 12 नवंबर 2026 को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक ई-बिडिंग आयोजित की जाएगी. इस नीलामी का ई-ऑक्शन जारी किया गया है।

इच्छुक एजेंसियां व संवेदक पूरी प्रक्रिया और पंजीकरण के लिए एमएसटीसी की आधिकारिक ई-नीलामी वेबसाइट (https://www.mstcecommerce.com/auctionhome/rmc/index.jsp) पर जाकर ‘रजिस्ट्रेशन’ लिंक के जरिए खुद को पंजीकृत करा सकते हैं. नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि बोली लगाने से पूर्व संवेदक मोरहाबादी चिल्ड्रेंस पार्क का भौतिक निरीक्षण भी कर सकते हैं. किसी भी अतिरिक्त जानकारी या पूछताछ के लिए बोलीदाता दूरभाष संख्या 0651–2231333 पर संपर्क कर सकते हैं।

error: Content is protected !!