बेंगलुरु के 5-स्टार होटल में मौत का करंट: स्विमिंग पूल में उतरे दो विदेशी नागरिकों की तड़पकर मौत, बचाने पहुंचे अमेरिकी नागरिक समेत दो घायल;मेंटेनेंस पर उठे गंभीर सवाल

 

डेस्क/बेंगलुरु। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के एक नामी 5-स्टार होटल में स्विमिंग पूल के अंदर करंट उतरने से दो विदेशी नागरिकों की दर्दनाक मौत हो गई। शुक्रवार शाम हुई इस घटना से होटल में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि होटल की तीसरी मंजिल पर बने स्विमिंग पूल में तैरने पहुंचे दोनों विदेशी नागरिक अचानक बिजली की चपेट में आ गए। उन्हें बचाने के लिए आगे आए दो अन्य लोग भी करंट की चपेट में आकर घायल हो गए। मृतकों में एक जर्मनी और दूसरे स्लोवाकिया के नागरिक थे।घटना बेंगलुरु के प्रतिष्ठित 5-स्टार कॉनराड होटल की है। हादसे के बाद होटल के स्विमिंग पूल की सुरक्षा व्यवस्था, बिजली के उपकरणों और रखरखाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम दोनों विदेशी नागरिक स्विमिंग पूल में मौजूद थे। इसी दौरान पूल में बिजली का करंट फैलने की आशंका है। बताया जा रहा है कि दोनों ने पूल से बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन करंट की चपेट में आने के बाद वे पानी में ही बेहोश हो गए और डूबने से उनकी मौत हो गई। मृतक अलेक्जेंडर की पत्नी सिल्विया ओटावा की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत में होटल प्रबंधन पर स्विमिंग पूल के रखरखाव में लापरवाही का आरोप लगाया गया है।

 

इस हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान 57 वर्षीय जर्मन नागरिक अलेक्जेंडर मैक्सिमिलियन थाइस और 45 वर्षीय स्लोवाकियाई नागरिक जुराज होर्वाट के रूप में हुई है। अलेक्जेंडर जर्मनी की प्रतिष्ठित लुफ्थांसा एयरलाइंस में क्रू मेंबर थे, जबकि जुराज आईबीएम कंपनी में प्रोजेक्ट मैनेजर के पद पर कार्यरत थे।

दोनों को मुसीबत में देखकर होटल में ठहरे 41 वर्षीय अमेरिकी नागरिक मैथ्यू डीसेंटिस ने बचाव की कोशिश की। बताया गया है कि उन्हें भी पानी में करंट महसूस हुआ और वह किसी तरह सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहे। वहीं, होटल के 28 वर्षीय पूल अटेंडेंट और लाइफगार्ड राहुल तिवारी दोनों को बचाने के लिए पूल में कूद पड़े, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आकर घायल हो गए।

दोनों घायलों को तत्काल मणिपाल अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल के डॉक्टरों के मुताबिक, अमेरिकी नागरिक की हालत स्थिर है। पूल अटेंडेंट राहुल तिवारी को भी चोट और दर्द की शिकायत थी। दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई गई।

मणिपाल अस्पताल के इमरजेंसी मेडिसिन विभाग की प्रमुख डॉ. माबेल वासनाइक के मुताबिक, अलेक्जेंडर को अस्पताल लाया गया तो उनकी मौत हो चुकी थी। वहीं, जुराज होर्वाट को बचाने के लिए डॉक्टरों ने सीपीआर समेत तमाम प्रयास किए, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। बाद में उन्हें भी मृत घोषित कर दिया गया। डॉक्टर ने मौत का कारण करंट लगना बताया।

होटल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप, पुलिस ने दर्ज किया केस

घटना के बाद बेंगलुरु पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। मृतक के परिजनों की शिकायत पर होटल प्रबंधन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106 के तहत लापरवाही से मौत का मामला दर्ज किए जाने की जानकारी सामने आई है।बेंगलुरु के पुलिस आयुक्त सीमांत कुमार सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में स्विमिंग पूल में बिजली के रिसाव  की आशंका सामने आई है। हालांकि, मेडिकल, तकनीकी और विशेषज्ञों की रिपोर्ट मिलने के बाद ही करंट फैलने के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू की है। होटल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है और घटना के समय मौजूद लोगों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर स्विमिंग पूल तक बिजली का करंट कैसे पहुंचा और सुरक्षा व्यवस्था में कहां चूक हुई।

हादसे के बाद 30 दिनों के लिए बंद किया गया स्विमिंग पूल

इस पूरे मामले में सबसे ज्यादा सवाल होटल की ओर से स्विमिंग पूल के रखरखाव को लेकर उठ रहे हैं। घटना के बाद शनिवार सुबह होटल की वेबसाइट पर सूचना दी गई कि स्विमिंग पूल 31 अक्टूबर से 30 नवंबर तक मेंटेनेंस के लिए बंद रहेगा।यानी हादसे के अगले ही दिन पूल को एक महीने के लिए बंद करने की जानकारी सामने आई। इससे होटल की सुरक्षा व्यवस्था और नियमित तकनीकी जांच को लेकर सवाल और गहरे हो गए हैं। हालांकि, पूल को बंद करने का वास्तविक कारण और हादसे से इसका संबंध जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

कॉनराड होटल हिल्टन समूह की लग्जरी होटल श्रृंखला का हिस्सा है। इतने प्रतिष्ठित पांच सितारा होटल में स्विमिंग पूल के भीतर कथित तौर पर करंट फैलने से दो विदेशी नागरिकों की मौत ने होटल सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल होटल प्रबंधन की ओर से घटना पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

 

error: Content is protected !!