राँची में डकैती की खौफनाक वारदात: दूधमुंही बच्ची को गोद से छीनकर जमीन पर पटका,माँ से दुष्कर्म की कोशिश का आरोप,ढेड़ लाख कैश और 10 लाख के जेवर-नकदी लूटे

 

 

राँची। राजधानी राँची के पिठोरिया थाना क्षेत्र के चौली गांव में डकैती की एक ऐसी खौफनाक वारदात सामने आई है, जिसने परिवार की सुरक्षा और अपराधियों की बेखौफ हरकतों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि आधी रात व्यवसायी संजय केसरी के घर में घुसे पांच अपराधियों ने हथियारों और लोहे की रॉड के बल पर पूरे परिवार को बंधक बना लिया। विरोध करने पर पांच साल की बच्ची का गला दबाकर उसे डराया गया, जबकि महज एक साल की दूधमुंही बच्ची को मां की गोद से छीनकर जमीन पर पटक दिया गया। इतना ही नहीं, घर की महिला के साथ अश्लील हरकत करने और दुष्कर्म का प्रयास करने का भी गंभीर आरोप लगाया गया है।अपराधियों ने परिवार के सदस्यों के हाथ-पैर बांध दिए और जान से मारने की धमकी देकर गोदरेज की चाबी मांगी। इसके बाद अलमारी में रखे डेढ़ लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण और मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। पीड़िता के मुताबिक, लूटे गए सामान की अनुमानित कीमत आठ से दस लाख रुपये है। हालांकि, पुराने आभूषणों की मौजूदा कीमत करीब 20 लाख रुपये होने की बात भी शिकायत में कही गई है।

इस मामले में व्यवसायी की पत्नी के बयान पर पिठोरिया थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्राथमिकी में उलातू निवासी बबन खान और चौली गांव निवासी खुर्शीद को नामजद किया गया है। इनके साथ तीन अन्य सहयोगियों के शामिल होने का आरोप है। पुलिस मामले की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

आधी रात दरवाजा तोड़कर घर में घुसे पांच अपराधी
पीड़िता  ने अपनी शिकायत में बताया है कि 26 अक्टूबर 2026 की रात करीब 12 बजे बबन खान, खुर्शीद राय और उनके साथ तीन अन्य लोग अचानक उनके घर पहुंचे। आरोप है कि उनके पास घातक हथियार, लोहे की रॉड और चांदी जैसे रंग की बंदूकनुमा वस्तु थी। घर पहुंचते ही अपराधियों ने मुख्य दरवाजे पर लात मारकर उसे तोड़ दिया और जबरन अंदर घुस गए।अचानक हुई इस घटना से घर में मौजूद लोग सहम गए। शिकायत के अनुसार, घर में घुसते ही आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट करने लगे। विरोध करने पर लोहे की रॉड से हमला किया गया। पीड़िता ने अपने हाथ में गंभीर चोट और चेहरे पर सूजन आने की बात कही है। आरोपियों ने परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी।

पांच साल की बच्ची का गला दबाया, एक साल की मासूम को जमीन पर पटका

इस वारदात का सबसे भयावह पहलू बच्चों के साथ कथित हिंसा है। गुड़िया देवी ने आरोप लगाया है कि अपराधियों ने उनकी पांच वर्षीय बेटी सोनल का गला दबाकर उसे डराया-धमकाया। इसके बाद एक साल की दूधमुंही बच्ची को मां की गोद से जबरन छीनकर जमीन पर पटक दिया।एक तरफ घर में लूटपाट चल रही थी, तो दूसरी तरफ बच्चों की जान खतरे में डालकर परिवार को भयभीत किया जा रहा था। शिकायत के मुताबिक, अपराधियों की हिंसक हरकतों से परिवार के सदस्य बुरी तरह डर गए थे। अपनी और बच्चों की जान बचाने के लिए वे विरोध करने की स्थिति में नहीं थे।
हाथ-पैर बांधे, गोदरेज की चाबी लेकर समेटी जमा-पूंजी
गुड़िया देवी के अनुसार, अपराधियों ने परिवार के सदस्यों के हाथ-पैर बांध दिए। इसके बाद घर में रखी गोदरेज की चाबी मांगी। हथियारों के डर और बच्चों की सुरक्षा की चिंता में उन्होंने चाबी दे दी।

आरोप है कि गोदरेज खोलने के बाद अपराधियों ने उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण और डेढ़ लाख रुपये नकद निकाल लिए। इसके अलावा घर के सदस्यों के मोबाइल फोन भी छीन लिए गए। पीड़िता ने लूटे गए सामान की कुल अनुमानित कीमत आठ से दस लाख रुपये बताई है।शिकायत में यह भी कहा गया है कि आभूषण परिवार की वर्षों की जमा-पूंजी थे। पीड़िता के मुताबिक, वर्तमान बाजार मूल्य के हिसाब से इन आभूषणों की कीमत करीब 20 लाख रुपये तक हो सकती है। इस तरह परिवार को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ गहरा मानसिक आघात भी पहुंचा है।

महिला से अश्लील हरकत और दुष्कर्म के प्रयास का गंभीर आरोप

डकैती की इस घटना में महिला के साथ कथित यौन उत्पीड़न का मामला भी सामने आया है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि घटना के दौरान आरोपियों में से एक ने उनकी इच्छा के विरुद्ध शरीर के निजी अंगों को छुआ और अश्लील हरकत करते हुए छेड़छाड़ की। शिकायत के अनुसार, विरोध करने पर आरोपी ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी।पीड़िता ने अपनी शिकायत में आरोपियों के खिलाफ लूटपाट, मारपीट, बच्चों के साथ हिंसा और महिला के साथ किए गए कथित कृत्यों को लेकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। मामला गंभीर प्रकृति का है और पुलिस जांच में आरोपों की पुष्टि तथा प्रत्येक आरोपी की भूमिका स्पष्ट होना महत्वपूर्ण होगा।

 

परिवार को दोबारा हमले का डर, सुरक्षा की मांग
पीड़िता ने पुलिस को बताया है कि घटना के बाद से वह और उनका परिवार भय तथा असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर हैं। उन्हें आशंका है कि आरोपी दोबारा घर आकर उन्हें, उनके बच्चों या परिवार के अन्य सदस्यों को नुकसान पहुंचा सकते हैं।उन्होंने पुलिस से घटनास्थल की जांच कराने, लूटे गए आभूषणों और नकदी की बरामदगी, आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही दोनों बच्चियों के साथ कथित हिंसक कृत्यों और महिला के साथ हुई छेड़छाड़ के आरोपों पर भी विधिसम्मत कार्रवाई की गुहार लगाई है।

प्राथमिकी दर्ज, आरोपियों की गिरफ्तारी पर नजर
इस संबंध में पिठोरिया थाना में 27 अक्टूबर 2026 को प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। शिकायत में बबन खान, खुर्शीद राय और तीन अन्य सहयोगियों पर वारदात में शामिल होने का आरोप लगाया गया है। पुलिस के समक्ष अब घटना की परिस्थितियों, आरोपियों की भूमिका और लूटे गए सामान के संबंध में साक्ष्य जुटाने की चुनौती है।चौली गांव की इस घटना में एक परिवार को कथित तौर पर बंधक बनाकर लूटपाट करने, मासूम बच्चियों के साथ हिंसा और महिला से यौन दुर्व्यवहार के आरोपों ने मामले को बेहद गंभीर बना दिया है। अब सबकी नजर पुलिस की जांच, आरोपियों की गिरफ्तारी और लूटे गए सामान की बरामदगी पर है।

 

पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे सांसद संजय सेठ, घटना की ली विस्तृत जानकारी

पिठोरिया थाना क्षेत्र के चौली-कुम्हरिया गांव में व्यवसायी संजय केसरी के आवास पर हुई भीषण डकैती की घटना के बाद आज राँची के सांसद संजय सेठ पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने परिवारजनों से मुलाकात कर पूरी घटना की विस्तृत जानकारी ली और इस कठिन समय में उनके साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।सांसद संजय सेठ ने घटना को अत्यंत दुखद और चिंताजनक बताया। उन्होंने पीड़ित परिवार से बातचीत कर उनकी परेशानी सुनी। इस दौरान पूर्व विधायक समरी लाल, कमलेश राम और राहुल केसरी भी मौजूद रहे।

error: Content is protected !!