राँची में राहुल सिंह गिरोह के शूटरों का हाफ एनकाउंटर, कांके पेट्रोल पंप फायरिंग के आरोपी शाहिद को लगी गोली, दो गिरफ्तार

 

राँची। राजधानी राँची में गैंगस्टर राहुल सिंह गिरोह के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। मंगलवार को विधानसभा थाना क्षेत्र में पुलिस और गिरोह के कथित शूटरों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में शाहिद नामक अपराधी के पैर में गोली लगी। गोली लगने के बाद भी उसने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की टीम ने पीछा कर उसे और उसके साथी को पकड़ लिया। घायल शाहिद को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। वहीं एक अपराधी और गिरफ्तार किया गया है।इस कार्रवाई को कांके पेट्रोल पंप पर हुई फायरिंग की घटना से जोड़कर देखा जा रहा है।

पेट्रोल पंप पर फायरिंग के बाद पुलिस कर रही थी तलाश
जानकारी के अनुसार, कांके थाना क्षेत्र में एक पेट्रोल पंप के पास फायरिंग कर दहशत फैलाने की घटना सामने आई थी। पुलिस की जांच में इस वारदात में राहुल सिंह गिरोह के दो कथित शूटरों की संलिप्तता सामने आई। इसके बाद से ही पुलिस दोनों की तलाश में जुटी थी। पुलिस को मंगलवार को सूचना मिली कि दोनों संदिग्ध विधानसभा थाना क्षेत्र में मौजूद हैं।

सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम ने दोनों अपराधियों का पीछा शुरू किया। इसी दौरान पुलिस के अनुसार, अपराधियों ने पुलिसकर्मियों को निशाना बनाकर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें शाहिद को गोली लग गई। गोली उसके पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया। घायल होने के बावजूद उसने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिसकर्मियों ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया।

कांके पेट्रोल पंप फायरिंग मामले में दोनों आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात के पीछे क्या वजह थी और गिरोह के अन्य सदस्यों की इसमें कोई भूमिका है या नहीं।फिलहाल घायल शाहिद का अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है, जबकि पकड़े गए दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। पुलिस की जांच के बाद ही मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।वहीं ,जानकारी मिली है कि इन्हीं दोनों अपराधियों ने बीते दिनों गुमला में भी फ़ायरिंग किया था।इसकी भी जांच चल रही है।

error: Content is protected !!