राँची: जनसुराज पार्टी के लापता डिजिटल मैनेजर देवपालिक गुप्ता का जंगल में मिला शव…
राँची। राँची के मुरी इलाके से एक बेहद चौंकाने वाली और दुखद खबर सामने आई है। जनसुराज पार्टी के डिजिटल कम्युनिकेशन मैनेजर देवपालिक गुप्ता,जो रहस्यमय तरीके से लापता थे, उनका शव आज मुरी के जंगलों में पाया गया है। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और जनसुराज पार्टी के कार्यकर्ताओं में भारी रोष है।
जानकारी के मुताबिक, 21 वर्षीय देवपालिक गुप्ता, जो उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के रहने वाले थे, सोमवार को राँची से पटना आने के लिए जनशताब्दी एक्सप्रेस (12366) में सवार हुए थे। उनके साथियों के अनुसार, वे ट्रेन में कोच C-2 और सीट नंबर 50 पर सफर कर रहे थे।दोपहर करीब 3 बजे, जब ट्रेन मुरी जंक्शन पहुँचने वाली थी, देवपालिक पेंट्री में खाना ऑर्डर करने के लिए गए। इसके बाद वे अपनी सीट पर वापस नहीं आए। काफी देर तक जब वे नहीं दिखे, तो उनके साथियों ने उन्हें फोन किया, लेकिन उनका फोन बंद आया।

देवपालिक के साथियों ने आरोप लगाया है कि जब उन्होंने बोकारो पहुँचकर रेल मदद में शिकायत दर्ज कराई, तो उन्हें कोई मदद नहीं मिली। उनका कहना है कि RPF और GRP के बीच मामला उलझता रहा। बोकारो GRP ने यह कहकर शिकायत दर्ज करने से मना कर दिया कि यह मामला मुरी का है। जब साथी मुरी पहुँचे, तो उन्हें बताया गया कि केस राँची में दर्ज होगा। इस तरह, घटना दोपहर करीब 3 बजे हुई और FIR रात 9 बजे, यानी 6 घंटे बाद दर्ज हुई।
देवपालिक के साथियों का यह भी आरोप है कि पुलिस ने रात में सर्च करने की बात तो की, लेकिन वास्तव में कोई तलाश नहीं की। इस बीच, जनसुराज पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुमार सौरभ सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर झारखण्ड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, राँची के उपायुक्त और पुलिस अधिकारियों से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की अपील की थी। उन्होंने अपनी पोस्ट में झारखण्ड पुलिस और राँची जिला प्रशासन को भी टैग किया था।
काफी तलाश के बाद, आखिरकार आज मुरी के जंगल के इलाके से देवपालिक गुप्ता का शव बरामद हुआ। शव मिलने की खबर जैसे ही फैली, इलाके में हड़कंप मच गया। जनसुराज संघर्ष वाहिनी (JSV) के प्रदेश अध्यक्ष ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर देवपालिक की मौत की जानकारी दी।
देवपालिक गुप्ता की मौत कैसे हुई, इसे लेकर फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जनसुराज पार्टी ने इस मामले में उच्चस्तरीय जांच की मांग की है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की अपील की है।
देवपालिक गुप्ता दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से पढ़ाई की थी और वे एक होनहार युवा थे। उन्होंने बांकीपुर उपचुनाव में देवपालिक गुप्ता ने काफी काम किया था। उनकी असमय मौत ने उनके परिवार और साथियों को गहरा सदमा दिया है।

