राँची: बूटी मोड़ के पास आधी रात दुकान में लगी आग, लाखों का सामान जलकर खाक
राँची। राजधानी राँची के बूटी मोड़ के पास देर रात अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। तिरुपति पेट्रोल पंप के समीप स्थित एक दुकान में आग ऐसी भड़की कि देखते ही देखते लपटों ने विकराल रूप ले लिया। दुकान के अंदर रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। गनीमत रही कि इस अग्निकांड में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
देर रात दुकान से आग की ऊंची लपटें उठती देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। आग की भयावहता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया।
अग्निशमन कर्मियों ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से लपटों को आसपास की अन्य दुकानों तक फैलने से रोक लिया गया। हालांकि, तब तक दुकान में रखा कीमती सामान और स्टॉक जलकर बर्बाद हो चुका था। इस घटना से दुकानदार को भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका है।
प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि, आग कैसे लगी और इससे कितना नुकसान हुआ, इसकी आधिकारिक पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी।
सदर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार ने बताया कि दुकान में आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई थी। अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई, जिसके बाद दमकल की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई। उन्होंने बताया कि घटना में किसी के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं है।
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। देर रात हुए इस अग्निकांड ने दुकानदार को बड़ा आर्थिक झटका दिया है।

