गुमला में PLFI के जोनल कमांडर मोटा समेत 4 उग्रवादी गिरफ्तार, हथियारों का जखीरा बरामद; बड़ी वारदात की साजिश नाकाम
गुमला। झारखण्ड के गुमला जिले में पुलिस ने उग्रवादी संगठन PLFI के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जोनल कमांडर विश्राम कोंगाड़ी उर्फ मोटा उर्फ सुकरा समेत चार उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से एक देसी पिस्टल, एक देसी बंदूक, दो पिस्टल मैगजीन, सात कारतूस, एक गोली का खोखा, PLFI के छह प्रतिबंधित पर्चे और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार उग्रवादी कामडारा थाना क्षेत्र के बोंगदा गांव के आसपास किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में थे। समय रहते मिली गुप्त सूचना पर पुलिस ने अभियान चलाकर उनकी योजना को नाकाम कर दिया।
गुप्त सूचना पर बनी विशेष टीम, घेराबंदी कर दबोचे गए उग्रवादी
गुमला एसपी के अनुसार, 22 अक्टूबर को पुलिस को सूचना मिली थी कि PLFI का जोनल कमांडर विश्राम कोंगाड़ी उर्फ मोटा उर्फ सुकरा अपने दस्ते के सदस्यों के साथ कामडारा थाना क्षेत्र में सक्रिय है। आशंका थी कि दस्ता किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में है।सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बसिया के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिव शंकर मरांडी के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम में बसिया, कामडारा और कुरकुरा थाना की पुलिस के साथ सशस्त्र बल तथा नक्सल विरोधी अभियान से जुड़ी टीम शामिल थी।
पुलिस टीम ने बोंगदा गांव के आसपास अभियान चलाया और प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन PLFI के जोनल कमांडर समेत चार सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर उनके नेटवर्क और अन्य गतिविधियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार बताई गई है—
विश्राम कोंगाड़ी उर्फ मोटा उर्फ सुकरा (28 वर्ष) — PLFI का जोनल कमांडर। निवासी डाहू, पुराना पानी, पोस्ट खंटगा, थाना रनिया, जिला खूंटी।
अमर सुरीन (34 वर्ष) — PLFI सदस्य। निवासी टीटही, तुयुटोली, थाना कामडारा, जिला गुमला।
एतवा कोंगाड़ी उर्फ एतवा मास्टर (38 वर्ष) — PLFI सदस्य। निवासी सरिता, टोरेटोली, पोस्ट सरिता, थाना कामडारा, जिला गुमला।
अर्पित टोपनो उर्फ बेंदा (22 वर्ष) — PLFI सदस्य। निवासी गड़केदा, पोस्ट पोडेगेर, थाना बड़ंगांव, जिला पश्चिमी सिंहभूम।
हथियार, कारतूस और प्रतिबंधित पर्चे बरामद
गिरफ्तार उग्रवादियों के पास से पुलिस ने हथियार और अन्य आपत्तिजनक सामग्री जब्त की है। बरामद सामान की सूची इस प्रकार है—
PLFI संगठन के छह प्रतिबंधित पर्चे
एक देसी पिस्टल
पिस्टल की दो मैगजीन
एक देसी बंदूक
एक देसी कट्टा
विभिन्न बोर के सात कारतूस
गोली का एक खोखा
चार मोबाइल फोन
पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में उग्रवादी गतिविधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों का गुमला, सिमडेगा, खूंटी समेत अन्य जिलों में आपराधिक इतिहास रहा है। PLFI की गतिविधियों, लेवी वसूली और धमकी से जुड़े मामलों में उनकी कथित संलिप्तता की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गिरफ्तार उग्रवादियों के संपर्क में और कौन-कौन लोग थे तथा क्षेत्र में संगठन की गतिविधियों को किस तरह संचालित किया जा रहा था।
गुमला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन PLFI की गतिविधियों पर अंकुश लगाने, लेवी वसूली और धमकी जैसी घटनाओं के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने तथा आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
पुलिस की इस कार्रवाई से कामडारा क्षेत्र में संभावित बड़ी आपराधिक वारदात टल गई। अब गिरफ्तार जोनल कमांडर और उसके साथियों से पूछताछ के जरिए संगठन के अन्य सदस्यों और गतिविधियों से जुड़े अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।

