राँची:कार वॉश सेंटर में तोड़फोड़ के मामले में FIR दर्ज, 20-25 लोगों पर बाउंड्रीवॉल और मशीन तोड़ने का आरोप; 5 लाख के नुकसान का दावा
राँची। राजधानी राँची के बहुबाजार इलाके में कार वॉश सेंटर में तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। आरोप है कि 20 से 25 लोगों के समूह ने सेंटर पर पहुंचकर बाउंड्रीवॉल तोड़ दी और कार धोने की मशीन को क्षतिग्रस्त कर दिया। इस घटना में करीब 4.5 से 5 लाख रुपये तक के नुकसान का दावा किया गया है। घटना के बाद व्यवसायी ने अपनी संपत्ति और कारोबार की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए लोअर बाजार थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
मामला लोअर बाजार थाना क्षेत्र के बहुबाजार के पास छठ तालाब स्थित कार वॉश सेंटर से जुड़ा है। कांटाटोली निवासी मोनू प्रतीक के अनुसार, जमीन को लेकर जयंत लकड़ा के साथ 7 जनवरी 2017 को एकरारनामा हुआ था। इसी के आधार पर वह संबंधित जमीन पर कार वॉश का व्यवसाय चला रहे थे। शिकायतकर्ता ने जमीन से जुड़े पूर्व के एकरारनामा और कारोबार के दस्तावेज भी अपने आवेदन के साथ संलग्न किए हैं।
नामजद लोगों समेत 20-25 लोगों पर तोड़फोड़ का आरोप
प्राथमिकी के अनुसार, 7 अक्टूबर 2026 को आजाद बस्ती निवासी नवाब, भट्टी टोला निवासी धंजू नायक और संजय नायक तथा कांटाटोली की हरिजन बस्ती निवासी श्रवण कुमार अपने 20-25 अज्ञात साथियों के साथ कथित तौर पर जमीन पर पहुंचे। आरोप है कि समूह ने बिना सहमति बाउंड्रीवॉल तोड़ दी और कार वॉश सेंटर में लगी मशीन को क्षतिग्रस्त कर दिया।
मशीन और बाउंड्रीवॉल को नुकसान, कारोबार भी प्रभावित
मोनू प्रतीक ने अपने आवेदन में करीब 4.5 लाख से 5 लाख रुपये तक के आर्थिक नुकसान का दावा किया है। उनका कहना है कि तोड़फोड़ से संपत्ति को नुकसान पहुंचने के साथ ही व्यवसाय भी प्रभावित हुआ है। उन्होंने पुलिस से घटनास्थल का निरीक्षण कराने, क्षतिग्रस्त बाउंड्रीवॉल और मशीन की जांच करने तथा दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।वहीं सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध कराया है।जिसमें तोड़फोड़ की घटना कैद है।
लोअर बाजार थाने में केस दर्ज
मामले में लोअर बाजार थाना कांड संख्या 180/26, दिनांक 20 अक्टूबर 2026 को दर्ज किया गया है। उपलब्ध प्राथमिकी विवरण के अनुसार, भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 190, 191(2), 324(2) और 324(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। जांच की जिम्मेदारी एसआई रंजीत कुमार को सौंपी गई है।फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

