सरायकेला में संदिग्ध हालत में मिला राजमिस्त्री का शव, सिर कुचला और चेहरा जला हुआ; हत्या की आशंका
सरायकेला। झारखण्ड के सरायकेला में एक 65 वर्षीय राजमिस्त्री की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। सिमलबेड़ा गांव के भुइयांडीह टोला में शनिवार सुबह मुचीराम महतो का शव बरामद किया गया। शव की हालत देखकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। सिर बुरी तरह कुचला हुआ था, जबकि चेहरा जला हुआ मिला। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि हत्या के बाद पहचान छिपाने के लिए चेहरे को जलाया गया होगा। हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या की पुष्टि नहीं की है।
जानकारी के अनुसार, मुचीराम महतो राजमिस्त्री का काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। गुरुवार को वह काम के सिलसिले में घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। परिजनों को लगा कि संभवतः वह किसी रिश्तेदार के यहां रुक गए होंगे। बताया जाता है कि कभी-कभी काम के बाद वह नशे की हालत में रिश्तेदारों के यहां ठहर जाते थे। शुक्रवार शाम तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।
शनिवार सुबह भुइयांडीह टोला में शव पड़े होने की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। बाद में पहुंचे परिजनों ने मृतक की पहचान मुचीराम महतो के रूप में की। सिर कुचला होने और चेहरा जला मिलने के कारण घटना को लेकर संदेह गहरा गया है।

