समरसता एक्सप्रेस के टॉयलेट में फंदे से लटका मिला यात्री का शव, चक्रधरपुर स्टेशन पर मचा हड़कंप
चाईबासा/चक्रधरपुर। मुंबई–शालीमार समरसता एक्सप्रेस में शनिवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब ट्रेन के स्लीपर कोच के टॉयलेट में एक यात्री का शव गमछे के सहारे फंदे से लटका मिला। टॉयलेट का दरवाजा काफी देर तक बंद रहने और अंदर से कोई जवाब नहीं मिलने पर यात्रियों को अनहोनी की आशंका हुई। दरवाजा खुला तो अंदर का नजारा देखकर लोग सन्न रह गए।
घटना शनिवार सुबह करीब 7:30 बजे की है। ट्रेन संख्या 12151 समरसता एक्सप्रेस जैसे ही चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन पहुंची, आरपीएफ और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची। स्लीपर कोच एस-7 के टॉयलेट का दरवाजा खुलवाया गया तो अंदर एक व्यक्ति गमछे के सहारे फंदे से लटका हुआ मिला। इसके बाद रेलवे कर्मचारियों की मदद से शव को नीचे उतारकर प्लेटफॉर्म नंबर-दो पर रखा गया।
टीटीई की सूचना पर रेल महकमे में मचा हड़कंप
जानकारी के अनुसार, टॉयलेट का दरवाजा काफी देर से बंद था। इस्तेमाल के लिए पहुंचे यात्रियों ने दरवाजा खुलवाने की कोशिश की, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। यात्रियों ने जब अंदर झांककर देखा तो एक व्यक्ति दिखाई दिया। इसके बाद टीटीई को सूचना दी गई। टीटीई से जानकारी मिलने पर रेल मंडल के कंट्रोल रूम ने संबंधित विभागों को अलर्ट किया।सूचना मिलते ही आरपीएफ, जीआरपी और रेलवे अस्पताल की मेडिकल टीम सक्रिय हो गई। रेलवे अस्पताल की चिकित्सक डॉ. रश्मि ने जांच के बाद यात्री को मृत घोषित कर दिया।
न पहचान, न सफर की जानकारी
मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वह अकेले यात्रा कर रहा था। वह ट्रेन में कहां से चढ़ा था और उसे किस स्टेशन तक जाना था, इसका पता नहीं चल पाया है। जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
आत्महत्या या कुछ और? जांच में जुटी जीआरपी
चलती ट्रेन के टॉयलेट में यात्री का शव मिलने से यात्रियों के बीच दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस मृतक की पहचान करने के साथ घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है। यात्री की मौत आत्महत्या है या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है, इसका खुलासा फिलहाल नहीं हुआ है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा।

