मुनाफे का लालच पड़ा भारी… 4 करोड़ की धोखाधड़ी में फंसा युवक, मौत के बाद परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़..तीन के खिलाफ केस दर्ज
राँची।राजधानी राँची के लालपुर थाना क्षेत्र में भारी मुनाफे का लालच देकर एक ही परिवार और उनके रिश्तेदारों से करीब 4 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है।आरोपियों ने भरोसे के जाल में फंसाकर जुलाई 2024 से सितंबर 2025 के बीच विभिन्न किस्तों में यह रकम ऐंठ ली। ठगी के इस खेल में फंसे परिवार के 32 वर्षीय युवक ने बैंकों से भारी कर्ज लेकर रकम दी थी, जिसकी शादी के महज 20 दिन बाद ही मौत हो गई।अब रिकवरी एजेंटों के दबाव और मानसिक प्रताड़ना से जूझ रही पीड़िता की शिकायत पर लालपुर थाने में तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।पुलिस ने सरत कन्या अपार्टमेंट (नवीन मित्रा लेन, लालपुर) निवासी स्नेह लता की शिकायत पर आरोपी कार्तिक सिंह, जुबली कुमारी और सुनीता देवी के खिलाफ धोखाधड़ी व राशि हड़पने की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दोस्ती की आड़ में रची साजिश, घर आकर तैयार किया जाल
पीड़िता स्नेह लता ने दर्ज मामले में बताया कि आरोपी जुबली कुमारी उनकी छोटी बहन सिमरन कुमारी की पुरानी परिचित थी और उसका घर में लगातार आना-जाना था।जुबली ने ही पैसे इन्वेस्ट करने पर भारी मुनाफे का भरोसा देकर परिवार को तैयार किया था।आरोपी जुबली कुमारी अपने साथी कार्तिक सिंह के साथ पीड़िता के लालपुर स्थित फ्लैट में आती थी।उन्हीं के कहने पर पीड़िता, उनके पति राकेश जयसवाल, मृत भाई मोहित कुमार, बहन सिमरन कुमारी, बहनोई आशिष तिवारी, सास सुशीला तिवारी व अन्य परिचितों से कुल लगभग 4 करोड़ रुपए अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कराए गए।शिकायत के अनुसार, आरोपी कार्तिक सिंह अपने पिता की मृत्यु के बाद अनुकंपा के आधार पर सरकारी नौकरी करता है।उसने जांच से बचने और शक न होने देने के लिए रकम कई अलग-अलग खातों और किस्तों में मंगवाई।विश्वास पक्का करने के लिए आरोपियों ने शुरुआत के कुछ महीनों तक मुनाफे के नाम पर थोड़ी रकम लौटाई।इसके बाद जब बड़ी पूंजी फंस गई, तो आरोपियों ने वापसी को लेकर टालमटोल शुरू कर दिया।
शादी के 20 दिन बाद भाई की मौत, अब बैंक रिकवरी का दबाव
पीड़िता ने बताया कि उनके 32 वर्षीय छोटे भाई स्वर्गीय मोहित कुमार ने कई बैंकों से भारी लोन लेकर आरोपियों को पैसे दिए थे. दुर्भाग्यवश, विवाह के महज 20 दिन बाद (1 मार्च 2026) मोहित का अचानक निधन हो गया।अब बैंकों के रिकवरी एजेंट बुजुर्ग माता-पिता को लगातार परेशान कर रहे हैं, जिससे पूरा परिवार गहरे सदमे और आर्थिक संकट में है।
‘थाना सेट है, जो करना है कर लो’: पैसे मांगने पर दी धमकी
जब परिवार को ठगी का अहसास हुआ और स्नेह लता ने जुबली कुमारी से अपनी पूरी रकम लौटाने का अनुरोध करते हुए कानूनी कार्रवाई की बात कही, तो आरोपी ने धमकाते हुए कहा कि “हमारा थाना सेट है, ऐसे ही हमलोग इतना बड़ा कारोबार नहीं चलाते, जो करना है कर लीजिए।”इसके बाद पीड़िता ने पूरे लेन-देन के दस्तावेजी साक्ष्य पुलिस को सौंपते हुए न्याय की गुहार लगाई।

