राँची में पेट्रोल पंप पर 13 राउंड फायरिंग, राहुल सिंह गिरोह के आजाद सरकार ने ली जिम्मेदारी

राँची। राजधानी राँची में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। कांके थाना क्षेत्र के रिंग रोड स्थित हिंदुस्तान पेट्रोलियम के एक पेट्रोल पंप पर रविवार देर रात बाइक सवार अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैला दी। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। इस बीच सोशल मीडिया पर राहुल सिंह गिरोह के आजाद सरकार नाम के हैंडल से पोस्ट कर गोलीबारी की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है।

सोशल मीडिया पोस्ट से मचा हड़कंप
वायरल पोस्ट में दावा किया गया है कि पेट्रोल पंप पर रात करीब 9 बजे 13 राउंड गोलियां चलाई गईं। पोस्ट में राहुल सिंह, आजाद सरकार, प्रताप सिंह और मोहित यादव के नाम भी लिखे गए हैं। हालांकि, सोशल मीडिया पोस्ट की सत्यता और घटना से जुड़े दावों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

मौके से खोखा बरामद, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
गोलीबारी की सूचना मिलते ही कांके थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल से कारतूस के खाली खोखे बरामद किए गए हैं। पुलिस पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान करने में जुटी है। घटना के पीछे की वजह का पता लगाया जा रहा है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।

राजधानी में पेट्रोल पंप जैसे सार्वजनिक स्थान पर हुई इस फायरिंग ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पुलिस की जांच में यह स्पष्ट होगा कि वारदात को किसने अंजाम दिया और सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी लेने वाले पोस्ट की सच्चाई क्या है।

error: Content is protected !!