गढ़वा में रफ्तार का कहर: पिकअप की टक्कर से पिता की मौत, बाइक पर सवार 8 साल का बेटा सुरक्षित

गढ़वा। जिले के मझिआंव थाना से महज 200 मीटर की दूरी पर रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की जान चली गई। महावीर हॉस्पिटल के समीप रात करीब 9:30 बजे तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चला रहे 35 वर्षीय सत्येंद्र कुमार राम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ बाइक पर सवार आठ वर्षीय बेटा आदर्श कुमार बाल-बाल बच गया।

बहन के घर से लौटते वक्त हादसा
मृतक सत्येंद्र कुमार राम नगर पंचायत क्षेत्र के रेसुआ निवासी सुधन राम के पुत्र थे। जानकारी के अनुसार, वह अपने बेटे के साथ करमडीह गांव में अपनी बहन के घर आयोजित गृह प्रवेश समारोह में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान महावीर हॉस्पिटल के पास पिकअप ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सत्येंद्र के सिर में गंभीर चोट लगी और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने किया मृत घोषित
घटना की सूचना मिलते ही मझिआंव पुलिस मौके पर पहुंची और घायल सत्येंद्र को रेफरल अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सक डॉ. कुलदीप चौधरी ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा भेज दिया है।

टक्कर मारकर फरार हुआ पिकअप चालक
हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस फरार वाहन और उसके चालक की पहचान करने में जुटी है। उधर, सत्येंद्र की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में मातम पसर गया। जिस हादसे में पिता की जान चली गई, उसमें आठ वर्षीय बेटे का सुरक्षित बच जाना राहत की बात रही।

 

error: Content is protected !!