गृह विभाग के विधि सलाहकार को टी-20 क्रिकेट मैच देखना पड़ा महंगा: फ्लैट से दो कीमती साइकिलें चोरी, लालपुर थाने में केस दर्ज
–रात में स्टेडियम से लौटे तो खुला मिला मुख्य गेट, पार्किंग से गायब थीं फ्रॉग और हीरो स्पिरिट साइकिलें; जांच में जुटी पुलिस
राँची।गृह विभाग के अपर लोक अभियोजक सह विधि सलाहकार को स्टेडियम जाकर क्रिकेट मैच का आनंद लेना भारी पड़ गया। जब वे मैच देखकर देर रात अपने सरकारी आवास लौटे, तो पार्किंग से उनकी दो महंगी साइकिलें चोरी हो चुकी थीं।इस संबंध में पीड़ित अधिकारी ने लालपुर थाने में लिखित शिकायत देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
जानकारी के अनुसार झारखण्ड सरकार के गृह विभाग में प्रतिनियुक्त अपर लोक अभियोजक सह विधि सलाहकार कृष्ण कुमार मिश्र मोरहाबादी स्थित बूटी रोड के दीनदयाल नगर स्थित ऑफिसर्स फ्लैट (डी/13) में रहते हैं। शुक्रवार (9 अक्टूबर 2026) की शाम वे गृह विभाग स्थित अपने कार्यालय से झारखण्ड राज्य क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित टी-20 क्रिकेट मैच देखने गए थे।
मैच खत्म होने के बाद जब वे रात करीब 11.20 बजे अपने फ्लैट पहुंचे, तो देखा कि बाउंड्री का मुख्य दरवाजा सड़क की ओर खुला हुआ था।दरवाजा खुला देख उन्हें अनहोनी की आशंका हुई. जब वे अंदर ग्रिल और पार्किंग स्थल के पास पहुंचे, तो उनके होश उड़ गए।पार्किंग में रखी उनकी दो साइकिलें गायब थीं।
अज्ञात चोरों ने मौका पाकर बाउंड्री का दरवाजा खोला और पार्किंग से फ्रॉग कंपनी की ग्रे व ऑरेंज रंग की साइकिल तथा हीरो स्पिरिट कंपनी की हरे रंग की साइकिल पार कर दी। काफी खोजबीन के बाद भी जब साइकिलों का कोई सुराग नहीं मिला, तो उन्होंने लालपुर थाने पहुंचकर लिखित आवेदन दिया।

