गुमला में दर्दनाक सड़क हादसा, जिप सदस्य बसंती डुंगडुंग के 28 वर्षीय भतीजे की मौत, स्कूटी को टक्कर मारकर गलत दिशा में चली गई कार
गुमला। झारखण्ड के गुमला जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। कामडारा थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात हुए हादसे में जिला परिषद सदस्य बसंती डुंगडुंग के भतीजे संदीप डुंगडुंग (28) की मौत हो गई। संदीप स्कूटी से अपने घर लौट रहे थे, तभी गलत दिशा में आ रही एक स्कोडा स्लाविया कार ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि संदीप को संभलने का मौका तक नहीं मिला और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
गाड़ा पेट्रोल पंप के पास हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, संदीप डुंगडुंग राँची से अपने घर दलमादी लौट रहे थे। शुक्रवार रात करीब 10 से 11 बजे के बीच वह कामडारा थाना क्षेत्र के गाड़ा पेट्रोल पंप के पास पहुंचे थे। इसी दौरान बसिया से खूंटी की ओर जा रही एक स्कोडा स्लाविया कार के चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। आरोप है कि कार गलत दिशा में चली गई और सामने से आ रही संदीप की स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में संदीप की मौके पर ही मौत हो गई।
कार चालक की लापरवाही से हादसे का आरोप
संदीप के परिजनों ने कार चालक की लापरवाही को हादसे की वजह बताया है। घटना की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। संदीप की पत्नी मंजू लुगुन, उनकी चाची और जिला परिषद सदस्य बसंती डुंगडुंग सहित अन्य परिजन कामडारा थाना पहुंचे। अचानक हुई इस घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा
हादसे की सूचना मिलने के बाद कामडारा पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त कार के साथ शव को अपने कब्जे में लिया। थाना प्रभारी आशीष कुमार केशरी ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए गुमला भेज दिया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
होनहार युवक की मौत से गांव में शोक
संदीप डुंगडुंग की असमय मौत से दलमादी गांव में शोक की लहर है। जिला परिषद सदस्य बसंती डुंगडुंग ने संदीप को एक होनहार युवक बताया।

