खूंटी में ताश के खेल में खूनी तांडव, फरसे से युवक की हत्या; ग्रामीणों ने आरोपी को मौके पर दबोचा
खूंटी। जिले के अड़की थाना क्षेत्र के बांदापीढ़ी गांव में बुधवार रात एक मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। ताश खेलने के दौरान हुई गाली-गलौज से गुस्साए एक व्यक्ति ने 27 वर्षीय युवक की फरसे से काटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद गांव में सनसनी फैल गई। हालांकि, ग्रामीणों और परिजनों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।मृतक की पहचान हूंठ गांव निवासी चमरा मुंडा के पुत्र महेंद्र शोले (27) के रूप में हुई है। वहीं, आरोपी की पहचान सबरण मुंडा के रूप में की गई है। घटनास्थल पर शव के पास खून से सना फरसा भी बरामद हुआ।
साप्ताहिक बाजार के बाद ताश खेलने बैठे थे दोस्त
जानकारी के अनुसार, बुधवार को हेमरोम में साप्ताहिक बाजार लगा था। बाजार करने के बाद महेंद्र शोले अपने दोस्तों के साथ आरोपी सबरण मुंडा के घर के पास बैठकर ताश खेल रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर ताश खेल रहे लोगों और सबरण के बीच कहासुनी शुरू हो गई। बताया जाता है कि कुछ लोग उसे किसी बात पर चिढ़ा रहे थे। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और गाली-गलौज होने लगी।
घर से फरसा लाया, गर्दन पर किए कई वार
गाली-गलौज से आक्रोशित सबरण मुंडा घर के अंदर गया और धारदार फरसा निकालकर ले आया। इससे पहले कि वहां मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उसने महेंद्र शोले की गर्दन पर फरसे से ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। हमले में गंभीर रूप से घायल महेंद्र ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वारदात के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ा, पुलिस ने भेजा जेल
युवक की हत्या की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। मृतक के पिता चमरा मुंडा ने बताया कि उन्हें फोन के जरिए बेटे की हत्या की सूचना मिली थी। वहीं, चचेरे भाई राहुल शोले के मुताबिक, महेंद्र की किसी से पुरानी दुश्मनी या रंजिश नहीं थी।
सूचना मिलने पर अड़की थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी प्रवीण तिवारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के बाद गुरुवार शाम उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि हत्या की वजह ताश खेलने के दौरान हुई कहासुनी और गाली-गलौज ही थी या इसके पीछे कोई दूसरी वजह भी थी।

