तस्करी से पहले जंगल-झाड़ियों में छिपाए गए थे 10 गौवंश, ग्रामीणों ने पकड़ा;प्रशासन को दी सूचना
तोरपा। खूंटी जिले के तोरपा प्रखंड में गौवंश तस्करी का मामला सामने आया है। बोतलों गांव के समीप छाता नदी के किनारे झाड़ियों में तस्करी के लिए ले जाए जा रहे 10 गौवंश को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। गौवंश मिलने की सूचना के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई।ग्रामीणों के मुताबिक, गौवंश को नदी किनारे झाड़ियों में ले जाकर रखा गया था। इसके बाद बोतलों और कुदरी गांव के लोगों ने इसकी जानकारी बजरंग दल के जिला संयोजक कर्मवीर महतो को दी। सूचना मिलते ही कर्मवीर महतो के नेतृत्व में बजरंग दल की टीम मौके पर पहुंची।
मौके पर जिला सह संयोजक प्रकाश अधिकारी, मनोरंजन सांसी, ओम ठाकुर, आदित्य महतो समेत बजरंग दल के कार्यकर्ता और दोनों गांवों के करीब 50 ग्रामीण मौजूद थे। ग्रामीणों और बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने सभी 10 गौवंश को सुरक्षित कराया और इसकी सूचना संबंधित प्रशासन को दी।अब प्रशासन की जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि गौवंश को कहां से लाया गया था और इन्हें तस्करी के लिए कहां ले जाने की तैयारी थी। मामले में शामिल लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की भी जांच की जा रही है।
इसी इलाके में पहले भी पकड़े गए थे 8 गौवंश
बताया गया कि 14 अगस्त को भी इसी इलाके में तस्करी के लिए ले जाए जा रहे 8 गौवंश पकड़े गए थे। उस कार्रवाई में भी बजरंग दल के जिला संयोजक कर्मवीर महतो के नेतृत्व में गौवंश को पकड़ा गया था और मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।लगातार दूसरी घटना सामने आने के बाद इलाके में गौवंश तस्करी को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। बजरंग दल के जिला संयोजक कर्मवीर महतो ने कहा कि क्षेत्र में इस तरह की संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर ग्रामीणों के सहयोग से तत्काल प्रशासन को जानकारी दी जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों से भी संदिग्ध गतिविधियों की सूचना संबंधित प्रशासन को देने की अपील की।

