राँची में आधी रात को युवक से आईफोन-17 की लूट: रास्ता पूछने के बहाने रोका, विरोध करने पर ईंट से हमला कर छीना मोबाइल

 

 

राँची।राँची में बेखौफ अपराधियों ने देर रात एक युवक को निशाना बनाते हुए मारपीट की और उसका महंगा आईफोन लूट लिया। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत हरमू रोड स्थित मुक्तिधाम पुल के पास एक पेट्रोल पंप के समीप की है। अपराधियों ने पहले पता पूछने के बहाने युवक को रोका, फिर दो अन्य साथियों के साथ मिलकर ईंट से हमला कर मोबाइल लूटकर फरार हो गए। इस संबंध में पीड़ित गुड्डू झा (31 वर्ष), निवासी शिवगंज हरमू रोड ने कोतवाली थाने में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है।

रास्ता पूछने के बहाने रुका, फिर आ धमके साथी

पीड़ित गुड्डू झा ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि 30 सितंबर 2026 की रात करीब 11:00 बजे वह अपने दोस्त रोहित वर्मा के साथ स्कूटी से मोराबादी एक्सपो से घर लौट रहे थे। हरमू चौक घूमने के बाद वे मुक्तिधाम पुल के पास पेट्रोल पंप के समीप स्कूटी खड़ी कर आपस में बात कर रहे थे। तभी रात करीब 11:55 बजे किशोरगंज की ओर से एक युवक पैदल आया और उसने करमटोली जाने का रास्ता पूछा। गुड्डू ने जब उसे बताया कि वह गलत रास्ते पर आ गया है, तभी किशोरगंज की तरफ से ही स्कूटी पर सवार होकर दो अन्य लड़के वहां पहुंच गए।

ईंट से प्रहार किया और आईफोन-17 छीनकर भागे

तीनों युवकों ने अचानक गुड्डू को घेर लिया और उसकी जेब से जबरन मोबाइल निकालने लगे। जब गुड्डू ने इसका कड़ा विरोध किया, तो उनमें से एक अपराधी ने जमीन पर पड़ी ईंट उठाकर उस पर वार कर दिया, जिससे उसे चोट लगी। इसके बाद तीनों लुटेरे उसका iPhone 17 (IMEI: 352071212345834) छीनकर स्कूटी पर सवार होकर हरमू रोड मुक्तिधाम की ओर फरार हो गए।

सीसीटीवी से खुला राज: सुखदेवनगर के तीन युवकों की हुई पहचान

घटना के बाद पीड़ित ने अपने स्तर से आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और स्थानीय लोगों से जानकारी जुटाई। फुटेज और छानबीन के आधार पर तीनों आरोपियों की पहचान सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के रहने वाले बल्लू, कृष और लक्की के रूप में हुई है। पीड़ित ने बताया कि वह तीनों को सामने आने पर पहचान सकता है।

error: Content is protected !!