राँची में चेन स्नैचर्स से पुलिस की सीधी भिड़ंत, सरगना रंगीला का हाफ एनकाउंटर; तीन शातिर गिरफ्तार
राँची। राजधानी में महिलाओं और पुरुषों के गले से सोने की चेन झपटकर फरार होने वाले शातिर चेन स्नैचर्स गिरोह के खिलाफ रविवार को पुलिस ने बड़ा ऑपरेशन चलाया। बीआईटी ओपी क्षेत्र के चुट्टू गांव के पास नेवरी-पिठोरिया मार्ग स्थित रिंग रोड पर पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में गिरोह का कथित सरगना रंगीला गोली लगने से घायल हो गया, जबकि भागने की कोशिश कर रहे उसके दो अन्य साथियों को भी पुलिस ने दबोच लिया।बताया जा रहा है कोढ़ा गैंग से पुलिस की मुठभेड़ हुई है।गैंग के सरगना रंगीला को गोली लगी है।
पुलिस को देखते ही मच गई भगदड़, सर्विस पिस्टल छीनकर फायरिंग
पुलिस के अनुसार, राजधानी राँची के लालपुर, बरियातू,डोरंडा, अरगोड़ा, जगरनाथपुर थाना क्षेत्र समेत कई इलाकों में लगातार हो रही चेन छिनतई की घटनाओं के बाद एसएसपी के निर्देश पर विशेष टीम लगातार गिरोह की गतिविधियों पर नजर रख रही थी। इसी दौरान रविवार को पुलिस को सूचना मिली कि चेन स्नैचिंग गिरोह के सदस्य चुट्टू इलाके में जुटे हैं और किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं।सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर दी। पुलिस की कार्रवाई शुरू होते ही अपराधियों में अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान पुलिस ने रंगीला को पकड़ लिया, लेकिन उसने पुलिसकर्मियों को चकमा देकर एक जवान की सर्विस पिस्टल छीन ली और भागने लगा।
पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरता देख रंगीला ने पुलिस टीम पर दो से तीन राउंड फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में गोली रंगीला के पैर में लगी और वह मौके पर ही गिर पड़ा।
भाग रहे साथियों को भी पुलिस ने दौड़ाकर पकड़ा
मुठभेड़ के दौरान गिरोह के अन्य सदस्य मौके से भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा कर दो अन्य आरोपियों को धर दबोचा। इसके बाद इलाके में बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया। मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी अतिरिक्त बल के साथ मौके पर पहुंचे।घायल रंगीला को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं गिरफ्तार आरोपियों से पुलिस की टीम पूछताछ कर रही है।
पूछताछ में खुल सकते हैं कई चेन स्नैचिंग कांड
पुलिस को उम्मीद है कि इस गिरोह के पकड़े जाने के बाद राँची शहर में हाल के दिनों में हुई चेन छिनतई की कई वारदातों का राज खुल सकता है। पुलिस आरोपियों से उनके नेटवर्क, वारदात में इस्तेमाल बाइक, लूटे गए सोने के आभूषण और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटा रही है।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।पुलिस गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर हथियार, 10 से ज्यादा लूटी गई चेन और अन्य सामान की बरामदगी भी की है।

