राँची में ICAR हॉस्टल में मचा हड़कंप, बंद कमरे में मिला PhD छात्र का शव

–महाराष्ट्र के प्रथमेश रायपुरे की मौत से संस्थान में मचा हड़कंप, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज

राँची।राजधानी राँची में एक प्रतिष्ठित संस्थान के हॉस्टल से पीएचडी छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। नामकुम इलाके के खरसीदाग ओपी क्षेत्र स्थित ICAR (इंडियन काउंसिल ऑफ एग्रीकल्चरल रिसर्च) के भारतीय कृषि जैव प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईएबी) के हॉस्टल में शनिवार को छात्र प्रथमेश रायपुरे अपने कमरे में बेसुध मिले। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद संस्थान परिसर में हड़कंप मच गया है।

काफी देर तक नहीं खुला कमरे का दरवाजा
जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र निवासी प्रथमेश रायपुरे संस्थान में पीएचडी की पढ़ाई कर रहे थे। शनिवार को वह अपने हॉस्टल के कमरे में थे। काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर हॉस्टल में मौजूद अन्य छात्रों और लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद दरवाजा तोड़कर लोग कमरे के अंदर पहुंचे। वहां प्रथमेश बेसुध अवस्था में मिले। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।

पुलिस ने शुरू की जांच, मौत की वजह अब भी पहेली
घटना की सूचना मिलने पर खरसीदाग ओपी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल प्रथमेश की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस हॉस्टल के कमरे और आसपास की परिस्थितियों की जांच कर रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पीएचडी छात्र की अचानक हुई मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, मौत के कारणों को लेकर अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

error: Content is protected !!