साहिबगंज में छात्रा से दुष्कर्म का आरोप, सेंट जेवियर्स स्कूल बंद करने का आदेश; गार्ड-निदेशक गिरफ्तार
साहिबगंज। झारखण्ड के साहिबगंज जिले में नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म के गंभीर आरोप और मामले को दबाने की कोशिश के आरोपों ने स्कूल प्रबंधन को मुश्किल में डाल दिया है। रांगा थाना क्षेत्र के छोटा दुर्गापुर स्थित सेंट जेवियर्स पब्लिक स्कूल के खिलाफ शिक्षा विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए विद्यालय को अगले आदेश तक बंद करने और छात्रावास तत्काल खाली कराने का निर्देश दिया है। मामले में पुलिस स्कूल के गार्ड साहेब राम लोहार और निदेशक जाफर शेख को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है।
शिक्षा विभाग का सख्त आदेश, हॉस्टल खाली कराने की प्रक्रिया शुरू
कक्षा आठ में पढ़ने वाली छात्रा के साथ कथित दुष्कर्म का मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया है। विभाग की ओर से जारी पत्र में अगले आदेश तक स्कूल में पठन-पाठन बंद रखने और छात्रावास को तत्काल खाली कराने का निर्देश दिया गया है।
आदेश जारी होने के बाद बुधवार को क्षेत्र की सीआरपी स्कूल पहुंचीं और प्रबंधन को विभागीय पत्र सौंपकर तत्काल अनुपालन करने को कहा। इसके बाद छात्रावास में रह रहे बच्चों को उनके परिजनों को सौंपने और हॉस्टल खाली कराने की प्रक्रिया शुरू की गई।
तबीयत बिगड़ने पर सामने आया मामला
परिजनों की ओर से रांगा थाना में दिए गए आवेदन के अनुसार, नाबालिग छात्रा स्कूल के छात्रावास में रहकर पढ़ाई करती थी। आरोप है कि स्कूल में सुरक्षा और देखरेख का काम करने वाले गार्ड साहेब राम लोहार ने छात्रावास में ही छात्रा के साथ दुष्कर्म किया। आवेदन में घटना को कई बार अंजाम देने और जान से मारने की धमकी देकर छात्रा को चुप कराने का भी आरोप लगाया गया है।बताया गया कि 14 सितंबर को छात्रा की तबीयत बिगड़ने पर परिजनों को स्कूल बुलाया गया। इसी दौरान छात्रा ने अपने साथ हुई कथित घटना की जानकारी परिजनों को दी। इसके बाद परिजनों ने स्कूल प्रबंधन से शिकायत की।
प्रबंधन पर मामला दबाने और धमकाने का आरोप
परिजनों ने स्कूल प्रबंधन के सदस्य ठाकुर आनंद और निदेशक जाफर शेख पर मामले की जानकारी छिपाने तथा उन्हें डराने-धमकाने का आरोप लगाया है। शिकायत के अनुसार, प्रबंधन ने सीसीटीवी फुटेज देखने के बावजूद पुलिस को सूचना नहीं दी। छात्रा को इलाज के लिए मालदा ले जाने और मामले को दबाने का प्रयास करने का भी आरोप लगाया गया है।इन आरोपों के बाद रांगा थाना में पॉक्सो एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने गार्ड साहेब राम लोहार और निदेशक जाफर शेख को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच
रांगा थाना प्रभारी अखिलेश कुमार यादव के अनुसार, दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। मामले में अन्य जिम्मेदार लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस पीड़िता के न्यायालय में बयान, मेडिकल रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।फिलहाल, शिक्षा विभाग के आदेश के बाद स्कूल में पठन-पाठन बंद है और छात्रावास खाली कराया जा रहा है। मामले की जांच जारी है। आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के जरिए होगी।

