जमशेदपुर में फिर चली गोली: ओल्ड बाराद्वारी में युवक पर 4-5 राउंड फायरिंग, रंगदारी नहीं देने पर हमले की आशंका…जांच में जुटी है पुलिस..
जमशेदपुर। शहर में अपराधियों के हौसले एक बार फिर चर्चा में हैं। सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के ओल्ड बाराद्वारी स्थित फुलवस्ती में गुरुवार की देर रात बदमाशों ने घर से महज 20 मीटर दूर सड़क पर खड़े एक युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। सफेद रंग की स्कूटी पर सवार दो युवकों ने मो. राजा उर्फ आबिद हुसैन को निशाना बनाते हुए 4-5 राउंड गोलियां चलाईं। इस हमले में राजा के बाएं हाथ में गोली लगी है। दूसरी गोली छूकर निकल गई। घायल राजा ने सड़क पर पड़े ईंट-पत्थर उठाकर हमलावरों का मुकाबला करने की कोशिश की, जिसके बाद दोनों बदमाश हवाई फायरिंग करते हुए फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
फोन पर बात कर रहे राजा पर अचानक बरसाईं गोलियां
जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात करीब 11:20 बजे मो. राजा अपने घर से लगभग 20 मीटर दूर सड़क पर खड़े होकर मोबाइल फोन पर बात कर रहे थे। इसी दौरान सफेद रंग की स्कूटी पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि दोनों ने अचानक राजा पर निशाना साधकर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
राजा के अनुसार, हमले के दौरान एक गोली उनके बाएं हाथ में लगी, जबकि दूसरी गोली छूकर निकल गई। इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और सड़क पर पड़े ईंट-पत्थर उठाकर हमलावरों पर हमला करने की कोशिश की। इसके बाद आरोपी हवाई फायरिंग करते हुए एजीएम अस्पताल मोड़ की ओर फरार हो गए।
रंगदारी नहीं देने पर फायरिंग की आशंका
घायल मो. राजा ने बताया कि उनकी साकची बाजार में सब्जी की दुकान है। इसके अलावा वह दूसरा कारोबार भी करते हैं। शुरुआती जानकारी में रंगदारी नहीं देने पर फायरिंग किए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, हमले के पीछे की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद सीतारामडेरा थाना प्रभारी आनंद मिश्रा पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके से एक खोखा बरामद किया है। घायल राजा को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई गई है।फायरिंग करने का आरोप साकची जामा मस्जिद के पीछे रहने वाले इस्मायल और काशीडीह निवासी कोदू बच्चा पर लगाया गया है। पुलिस दोनों की तलाश में जुटी है। हालांकि, आरोपियों की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
डीजीपी की हाईलेवल बैठक के बाद गोलीबारी से उठे सवाल
शहर में अपराध नियंत्रण और पुलिस की मुस्तैदी को लेकर डीजीपी तदाशा मिश्रा की हाईलेवल बैठक के करीब नौ घंटे बाद सीतारामडेरा के बाराद्वारी में हुई इस गोलीबारी ने कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। रात के समय घर के पास खड़े युवक पर इस तरह फायरिंग की घटना से स्थानीय लोगों में भय का माहौल है।फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। हमलावरों की गिरफ्तारी और फायरिंग के पीछे की असली वजह का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।

