घर बंद कर ससुराल गया परिवार, लौटकर देखा तो उड़ चुकी थी जिंदगी भर की जमा-पूंजी…लाखों की चोरी..
राँची।राँची के पुंदाग ओपी क्षेत्र के जगन्नाथ बिहार में एक सूने मकान को निशाना बनाकर चोरों ने लाखों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। परिवार के ससुराल जाने का फायदा उठाकर अपराधियों ने घर का ताला तोड़ा और अलमारी में रखे करीब 10 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात, कीमती सामान और 65 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। चोरी की पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में चार संदिग्ध मकान के आसपास और वारदात को अंजाम देते हुए नजर आ रहे हैं।मामले को लेकर न्यू पुंदाग रोड नंबर-06, मिश्रा कटेज निवासी विवेक कुमार मिश्रा ने पुंदाग ओपी में लिखित शिकायत दी है। शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित विवेक कुमार मिश्रा के मुताबिक, वह 22 सितंबर 2026 की सुबह करीब 7:05 बजे मौर्या एक्सप्रेस ट्रेन से अपने ससुराल बड़गढ़, ओडिशा के लिए रवाना हुए थे। घर में ताला लगा हुआ था और परिवार के सदस्य उनके साथ बाहर गए थे।इसके बाद 27 सितंबर की दोपहर करीब तीन बजे जब वह वापस अपने घर पहुंचे, तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा देखकर उनके होश उड़ गए। घर के अंदर प्रवेश करने पर सामान बिखरा हुआ था। कमरों और अलमारी को खंगाला गया था।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि चोरों ने घर में रखी लॉकर की चाबी ढूंढ निकाली और उसमें रखे कीमती जेवरात और नकदी निकाल लिए। चोरी गए सामान में परिवार के इस्तेमाल और शादी-ब्याह से जुड़े कई आभूषण भी शामिल हैं।चोरों ने सोने के मंगलसूत्र, दो जोड़ी कान की रिंग, दो जितिया, दो ढोलना, आठ नाक की कील, मांगटीका और सोने की अंगूठी चोरी कर ली।
इसके अलावा आठ जोड़ी चांदी की बिछिया, कमरधनी, कटोरी, दो दुल्हन पायल, सिंदूर वटी और पान कसैली समेत अन्य चांदी के सामान भी गायब मिले।घर में रखे पीतल के लक्ष्मी-गणेश, कंबल सेट, विवाह में इस्तेमाल होने वाली कई कीमती साड़ियां और 65 हजार रुपये नकद भी चोर अपने साथ ले गए।
घर लौटने के बाद पीड़ित ने आसपास के लोगों से जानकारी ली और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज सामने आने के बाद पुलिस के सामने अहम सुराग आया।
सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, 26 सितंबर की रात करीब 12 बजे से 2 बजे के बीच चार संदिग्ध व्यक्ति इलाके में नजर आए। इसी दौरान मकान को निशाना बनाया गया। फुटेज में चारों संदिग्धों की गतिविधियां रिकॉर्ड हुई हैं।घटना से यह भी साफ होता है कि चोरों ने पहले घर की रेकी की होगी और परिवार के बाहर होने की जानकारी के बाद वारदात को अंजाम दिया।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि संदिग्धों के आने-जाने के रास्ते और उनकी पहचान से जुड़े सुराग मिल सकें।चार संदिग्धों के फुटेज सामने आने के बाद पुलिस उनकी पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वारदात में शामिल अपराधी स्थानीय हैं या बाहर से आए थे।

