अपहरण की कहानी, जंगल में दफन राज… और पुलिस के सवालों में खुल गया प्रेमिका की हत्या का रहस्य

 

सिमडेगा। 26 सितंबर की सुबह थाने में पहुंचा एक युवक। चेहरे पर बेचैनी थी और जुबान पर एक ही कहानी,प्रेमिका का अपहरण हो गया है।पुलिस ने शिकायत दर्ज की और जांच शुरू कर दी। मामला पहली नजर में अपहरण का लग रहा था। लेकिन जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ी, कहानी की परतें खुलने लगीं। पुलिस के अनुसार, जिस युवती के अपहरण की शिकायत दर्ज कराई गई थी, उसकी हत्या हो चुकी थी और शिकायतकर्ता खुद ही इस वारदात का आरोपी निकला।27 सितंबर को पुलिस ने मच्छकटा (झरिया डीपा), बोलबा निवासी 21 वर्षीय अनित एक्का को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पुलिस के अनुसार उसने झरना टोप्पो की हत्या करने की बात स्वीकार की।

पुलिस के मुताबिक, अनित और झरना की मुलाकात वर्ष 2022 में सिमडेगा कॉलेज में पढ़ाई के दौरान हुई थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गया।इसके बाद अनित का चयन अग्निवीर में हुआ। भोपाल में प्रशिक्षण और फिर बारामुला में पदस्थापन के दौरान भी वह झरना को पैसे भेजता था।लेकिन समय के साथ रिश्ते में दरार आने लगी। विवाद बढ़ा तो मामला महिला थाना तक पहुंचा। पुलिस के अनुसार, उस समय दोनों के बीच शादी को लेकर समझौता भी हुआ था।

पुलिस के अनुसार, मई 2026 के बाद दोनों के बीच फिर विवाद बढ़ गया। पूछताछ में अनित ने दावा किया कि झरना कोर्ट मैरिज करने या 15 लाख रुपये देने की मांग कर रही थी और केस में फंसाने की धमकी दे रही थी।इसी विवाद के बीच अनित छुट्टी लेकर घर आया।फिर आया 24 सितंबर का दिन।

पुलिस के मुताबिक, 24 सितंबर को अनित झरना को स्कूटी से मच्छकटा जंगल की ओर ले गया।जंगल में दोनों के बीच विवाद हुआ। पुलिस का दावा है कि इसी दौरान अनित ने झरना के साथ मारपीट की और फिर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद कथित तौर पर उसने शव को बोरे में रखा और शंख नदी के किनारे ले गया। वहां कुदाल से गड्ढा खोदकर शव को दफना दिया।युवती का मोबाइल भी नदी में फेंक दिया गया।
उसे लगा कि कहानी यहीं खत्म हो जाएगी।लेकिन पुलिस के मुताबिक, असली कहानी तो इसके बाद शुरू हुई।

26 सितंबर को अनित खुद थाने पहुंचा और झरना के अपहरण की शिकायत दर्ज करा दी।पुलिस के सामने अब एक कथित अपहरण का मामला था।लेकिन जांच टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर घटनाक्रम की कड़ियां जोड़नी शुरू कीं। पुलिस को शिकायत और वास्तविक घटनाक्रम के बीच कुछ ऐसे सवाल मिले, जिनका जवाब तलाशना जरूरी था।इसके बाद शक की सुई अनित की ओर घूमी।

27 सितंबर को पुलिस ने अनित को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू की। पूछताछ के दौरान पुलिस के अनुसार उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली।इसके बाद पुलिस ने उस जगह की जानकारी जुटाई, जहां शव को दफनाने की बात सामने आई।यानी जिस अपहरण की शिकायत लेकर आरोपी पुलिस के पास पहुंचा था, पुलिस के मुताबिक उसी कहानी के पीछे हत्या का राज छिपा था।
एसडीपीओ धर्मदेव पासवान के अनुसार, मामले में तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर जांच करते हुए पुलिस आरोपी तक पहुंची।अनित एक्का को सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।अब इस मामले में पुलिस हत्या के कथित कारणों, घटनाक्रम और साक्ष्यों की आगे जांच कर रही है।

error: Content is protected !!