पांच दिन बाद भी कोई सुराग नहीं,बैंक डकैती के 5 बदमाशों की फोटो जारी; 10 लाख का इनाम
जमशेदपुर। गोलमुरी के केनरा बैंक में हुई करोड़ों की लूट के बाद जमशेदपुर पुलिस ने अब अपराधियों तक पहुंचने के लिए बड़ा कदम उठाया है। पुलिस ने CCTV फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर पांच संदिग्ध बदमाशों की तस्वीरें जारी की हैं। इनकी गिरफ्तारी या ठिकाने की पुख्ता जानकारी देने वाले को पुलिस ने कुल 10 लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।
एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब के मुताबिक, पांचों बदमाशों में से प्रत्येक के बारे में सही सूचना देने या उनकी गिरफ्तारी में मदद करने वाले व्यक्ति को 2-2 लाख रुपये का नकद इनाम दिया जाएगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर किसी व्यक्ति को तस्वीर में दिख रहे बदमाशों की पहचान, उनके ठिकाने या आवाजाही के बारे में जानकारी हो तो तत्काल पुलिस को सूचना दें।
पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। जानकारी एसएसपी, सिटी एसपी, सिटी डीएसपी अथवा गोलमुरी थाना प्रभारी के सरकारी नंबरों पर दी जा सकती है।
बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई विशेष टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। तकनीकी टीम CCTV फुटेज, संदिग्धों के संपर्क और उनकी आवाजाही से जुड़े सुरागों को जोड़ने में जुटी है। पुलिस का फोकस लूट के बाद बदमाशों के भागने के रास्ते और उनके संभावित ठिकानों पर भी है।
हथियार के बल पर बैंक में घुसे थे 5 बदमाश
गौरतलब है कि 24 सितंबर को पांच हथियारबंद अपराधियों ने गोलमुरी स्थित केनरा बैंक की शाखा में धावा बोला था। बदमाशों ने सुरक्षा गार्ड, बैंक मैनेजर समेत 14 कर्मचारियों को हथियार के बल पर बंधक बना लिया था। इसके बाद बैंक से करीब 23 किलोग्राम सोना और 43 लाख रुपये नकद लूटकर फरार हो गए थे।
घटना के बाद से ही जमशेदपुर पुलिस की कई टीमें बदमाशों की तलाश में जुटी हैं। पुलिस अब जारी की गई तस्वीरों के जरिए आम लोगों से भी सुराग जुटाने की कोशिश कर रही है, ताकि पांचों आरोपियों तक जल्द पहुंचा जा सके।

