पलंह:चैनपुर में अलग-अलग घटनाओं में दो युवकों की मौत, चार घायल; एक युवक का शव भी बरामद

 

पलामू। पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात से रविवार तक अलग-अलग घटनाओं में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हुए हैं। एक ओर भठ्ठी मुहल्ला से 25 वर्षीय युवक का शव बरामद किया गया, वहीं रानीताल और शाहपुर चौक के पास हुई दो अलग-अलग बाइक दुर्घटनाओं में दो युवकों की जान चली गई। दोनों सड़क हादसों में चार लोग घायल हुए हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लिया और सभी मामलों की जांच शुरू कर दी है।

भठ्ठी मुहल्ला में 25 वर्षीय युवक का शव मिला
चैनपुर पुलिस ने भठ्ठी मुहल्ला से 25 वर्षीय सोनू कुमार का शव बरामद किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच भेज दिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सोनू नशे का सेवन करता था। हालांकि उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।

रानीताल में दो बाइक की आमने-सामने टक्कर, एक की मौत
शनिवार को रानीताल के पास दो बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में 18 वर्षीय सुजीत कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना में आनंद कुमार, दिलीप कुमार और रूपेश कुमार घायल हो गए। टक्कर के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त बाइक को कब्जे में ले लिया।

शाहपुर चौक पर पुलिस जवान की बाइक से भिड़ी बाइक, युवक की मौत

दूसरी दुर्घटना शनिवार रात करीब 11:45 बजे शाहपुर चौक स्थित प्रखंड कार्यालय के समीप हुई। बताया जाता है कि 32 वर्षीय सोनू कुमार मेदिनीनगर से चैनपुर की ओर लौट रहा था। इसी दौरान उसकी बाइक की टक्कर चैनपुर थाना में तैनात पुलिस जवान हकिम अंसारी की बाइक से हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सोनू कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।हादसे में पुलिस जवान हकिम अंसारी (40) भी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी।एक ही थाना क्षेत्र में कुछ घंटों के अंतराल में हुई इन अलग-अलग घटनाओं से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस सभी मामलों में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

error: Content is protected !!