दुकान जाने निकली मासूम को वाहन ने कुचला, मौके पर मौत,नशे में वाहन चलाने का आरोप, घटना के बाद गांव में आक्रोश
राँची। रातू थाना क्षेत्र के आमटांड़ में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। घर के पास सामान लेने निकली करीब दो साल की मासूम प्रियांशी कुमारी को एक वाहन ने कुचल दिया। हादसे में बच्ची की मौके पर ही मौत हो गयी। प्रियांशी राजू नायक की बेटी थी।
स्थानीय लोगों के अनुसार, प्रियांशी अपने घर के पास स्थित दुकान की ओर जा रही थी। इसी दौरान जेएच 01 सीटी 0457 नंबर के वाहन की चपेट में आ गयी। आरोप है कि वाहन चला रहा दिलीप बैठा पड़ोसी के घर से नशे की हालत में लौट रहा था। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी और आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गये।
मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घर में चीख-पुकार मच गयी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भी काफी आक्रोश देखा गया।
सूचना मिलने के बाद रातू थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी। पुलिस वाहन, चालक की भूमिका और दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पड़ताल कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जायेगी।

