एक ही परिवार पर टूटा बीमारी का कहर, दो मासूम भाइयों की मौत; पिता समेत पांच की हालत बिगड़ी

 

गढ़वा।जिले के केतार थाना क्षेत्र के पाचाडुमर गांव के आदिवासी बहुल धंगरडीहा टोला में शनिवार की सुबह एक ही परिवार पर बीमारी का कहर टूट पड़ा। सात और 10 वर्ष के दो सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि उनके पिता, एक भाई और दो महिलाओं की तबीयत बिगड़ गई। सभी बीमार लोगों को भवनाथपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद गांव में मातम के साथ दहशत का माहौल है।

मृतकों की पहचान बुद्धि नारायण सिंह चेरो के सात वर्षीय पुत्र गोलू कुमार और 10 वर्षीय सोनू कुमार के रूप में हुई है। वहीं, उनके 12 वर्षीय भाई सुशील कुमार, पिता बुद्धि नारायण सिंह और दो महिलाओं की तबीयत खराब होने के बाद अस्पताल में इलाज चल रहा है।

मृत बच्चों की मां बासमती देवी के अनुसार, गोलू और सोनू को पिछले दो दिनों से बुखार था। परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण दोनों का समुचित इलाज नहीं हो सका। शनिवार सुबह अचानक दोनों की हालत गंभीर हो गई। परिजन उन्हें इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले गए, लेकिन वहां पहुंचते ही दोनों ने दम तोड़ दिया।दो बच्चों की एक साथ मौत की खबर फैलते ही धंगरडीहा टोला में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों के मुताबिक, बच्चों की मौत के बाद उनके मुंह से झाग निकल रहा था। इसके बाद इलाके में फूड प्वाइजनिंग की आशंका को लेकर तरह-तरह की चर्चा होने लगी। हालांकि, मौत की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं है।

भवनाथपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक डॉ. उस्तर रजा ने बताया कि शुरुआती जांच में मरीजों में वायरल फीवर का प्रभाव प्रतीत हो रहा है। सभी भर्ती मरीजों की जांच और निगरानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि मृत बच्चों को पहले से कोई स्वास्थ्य संबंधी समस्या थी या मौत किसी अन्य कारण से हुई, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

घटना की सूचना मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम भी धंगरडीहा टोला पहुंची और पूरे मामले की जानकारी ली। फिलहाल धनवा देवी, सुनीता कुमारी, बासमती देवी, सुशील कुमार और बुद्धि नारायण सिंह का इलाज भवनाथपुर सीएचसी में चल रहा है।

घटना की जानकारी मिलते ही केतार थाना प्रभारी अरुण कुमार रवानी पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे। उन्होंने परिजनों से जानकारी लेने के साथ बीमार लोगों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। वाहन उपलब्ध नहीं होने पर थाना प्रभारी ने कमांडर जीप से बुद्धि नारायण सिंह, उनके पुत्र सुशील कुमार और दो महिलाओं को भवनाथपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
बताया गया कि बुद्धि नारायण सिंह की दो पत्नियां हैं और दूसरी पत्नी से पांच बच्चे हैं। इनमें दो बच्चों की मौत हो गई है।

दोनों बच्चों की मौत के बाद परिजन अंतिम संस्कार की प्रक्रिया में जुटे रहे। घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय मुखिया श्याम सुंदर बैठा भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। वहीं, क्षेत्रीय विधायक अनंत प्रताप देव ने भी फोन पर घटना पर दुख जताते हुए प्रशासन को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने की बात कही।फिलहाल स्वास्थ्य विभाग की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि दोनों बच्चों की मौत वायरल फीवर से हुई, किसी पूर्व बीमारी से या फिर इसके पीछे कोई अन्य कारण था।

error: Content is protected !!