एक दिन की छुट्टी के बाद ड्यूटी पर लौट रहा था जवान, सड़क हादसे ने छीन ली जिंदगी…तिरंगे में लिपटकर घर पहुंचा बबन, अंतिम विदाई में नम हुईं आंखें

राँची/कुमारधुबी। छुट्टी बिताकर ड्यूटी पर लौट रहे 36 वर्षीय ITBP जवान बबन शर्मा उर्फ गुड्डू की सड़क हादसे में मौत हो गई। रामगढ़ के गोला चौक के पास सोमवार को हुई दुर्घटना के बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां मंगलवार को उन्होंने दम तोड़ दिया।
धनबाद जिले के कुमारधुबी पंचमोहली निवासी बबन शर्मा की पोस्टिंग राँची स्थित ITBP कैंप में थी। वे एक दिन की छुट्टी पर घर आए थे और सोमवार को मोटरसाइकिल से राँची ड्यूटी पर वापस जा रहे थे। इसी दौरान गोला चौक के समीप उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई।हादसे की सूचना मिलते ही राँची ITBP कैंप के अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायल जवान को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
बुधवार सुबह राँची ITBP कैंप से बबन शर्मा का पार्थिव शरीर तिरंगे में लपेटकर उनके पैतृक क्षेत्र कुमारधुबी लाया गया। अंतिम यात्रा के दौरान माहौल गमगीन रहा। पूरे राष्ट्रीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘बबन शर्मा अमर रहे’ के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा।
स्थानीय लोगों के मुताबिक बबन शर्मा मिलनसार और मेहनती स्वभाव के थे। उनके असमय निधन की खबर से कुमारधुबी और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर है। एक जवान जो देश की सेवा के लिए घर से निकला था, वह तिरंगे में लिपटकर वापस लौटा—परिवार और क्षेत्र के लिए यह क्षण बेहद पीड़ादायक रहा।

