मुख्यमंत्री आवास मार्च:एबीवीपी के मार्च में पुलिस से नोकझोंक और बैरिकेडिंग तोड़ने का आरोप… लालपुर थाने में एफआईआर दर्ज

 

राँची।लालपुर थाने में एबीवीपी के मार्च के दौरान हंगामा करने, पुलिस के साथ धक्का-मुक्की करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।यह कार्रवाई दंडाधिकारी (मजिस्ट्रेट) के रूप में प्रतिनियुक्त डॉ. तनवीर अख्तर (प्रभारी वरीय पशु चिकित्सा एवं पशुपालन पदाधिकारी, पिस्का मोड़) की लिखित शिकायत पर की गई है। दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, 8 अगस्त को मोरहाबादी मैदान से निकला एबीवीपी का मार्च शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ रहा था। जब मार्च डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय के गेट के पास पहुंचा, तो उसे रोक दिया गया। इसी दौरान तेज बारिश शुरू हो गई और मार्च में शामिल लोग इधर-उधर भागने लगे और बांस-बल्ली की बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ गए। इसके बाद पुलिस ने उन्हें सिद्धू कान्हू मोड़ पर पूरी तरह से रोक दिया। वहां मार्च में मौजूद कुछ अज्ञात लोगों ने पुलिसकर्मियों के साथ नोकझोंक और धक्का-मुक्की शुरू कर दी।पुलिस ने जब कुछ उपद्रवियों को हिरासत में लेकर सरकारी वाहन में बैठाया, तो अन्य लोग वाहन को रोकने के लिए उस पर जबरन चढ़ गए और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने लगे।करीब आधे घंटे तक चले इस हंगामे के बाद बचे हुए लोग नारेबाजी करते हुए वहां से चले गए।घटना दोपहर करीब 1:30 बजे की है। ड्यूटी पर तैनात दंडाधिकारी डॉ. तनवीर अख्तर की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए लालपुर थाना पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ अनुशासनहीनता और सरकारी काम में बाधा डालने की धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

error: Content is protected !!