हाईवे पर लूट की तैयारी में निकले तीन शातिर, हादसे ने खोला हथियारों का राज

गोड्डा। हाईवे पर वाहनों को रोककर लूटपाट की कथित योजना के साथ निकले तीन युवकों का प्लान उस वक्त धरा रह गया, जब उनकी मोटरसाइकिल डिवाइडर से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पथरगामा पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए दो देशी कट्टा और एक मोटरसाइकिल बरामद किया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 10 अगस्त की शाम करीब 6:30 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि तेलनी मोड़ हाईवे के समीप मोटरसाइकिल सवार तीन व्यक्ति दुर्घटनाग्रस्त हुए हैं और उनके पास अवैध हथियार जैसा कुछ देखा गया है। सूचना मिलते ही पथरगामा थाना प्रभारी कृष्णा कुमार साहा के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची।मौके पर एक व्यक्ति घायल अवस्था में मोटरसाइकिल के पास मिला। पूछताछ में उसने अपना नाम भोला सिंह उर्फ प्रेमशंकर सिंह बताया। पुलिस के मुताबिक, हथियार के संबंध में पूछताछ के दौरान उसने अपने दो साथियों नितेश पंडित और पप्पु पंडित के साथ हाईवे पर छोटी-बड़ी गाड़ियों को रोककर छीनाझपटी करने की बात बताई। उसने पुलिस को यह भी बताया कि हादसे के बाद उसके दोनों साथी उसे घायल हालत में छोड़कर भाग गए और हथियार उनके पास हैं।
इसके बाद पुलिस घायल भोला सिंह को इलाज के लिए पथरगामा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची। वहां पहले से इलाज करा रहे दो अन्य युवकों की पहचान भोला सिंह ने अपने साथियों के रूप में की। पुलिस ने तीनों को इलाज के बाद थाना लाकर पूछताछ की।पूछताछ के दौरान पुलिस को हथियारों तक पहुंचने में अहम सुराग मिला। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों में से पप्पु पंडित उर्फ हेमन्त पंडित और रितेश कुमार ने छिपाए गए हथियार बरामद कराने की बात कही। दोनों की निशानदेही पर पुलिस ने दो देशी कट्टा बरामद किए और विधिवत जब्ती सूची तैयार कर हथियारों को जब्त कर लिया।
मामले में पथरगामा थाना कांड संख्या 90/2026 दर्ज कर सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपी
भोला सिंह उर्फ प्रेमशंकर सिंह (35), पिता स्व. दशरथ सिंह, ग्राम घाट पथरगामा, थाना पथरगामा, जिला गोड्डा।
पप्पु पंडित उर्फ हेमन्त पंडित (42), पिता स्व. दशरथ पंडित, ग्राम घाट पथरगामा, थाना पथरगामा, जिला गोड्डा।
रितेश कुमार (27), पिता मंटु पंडित, ग्राम पथरगामा, थाना पथरगामा, जिला गोड्डा।
जब्त सामान
दो देशी कट्टा
काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल संख्या JH-17-B-9287
छापामारी दल
पथरगामा थाना प्रभारी पु०अ०नि० कृष्णा कुमार साहा के नेतृत्व में पु०अ०नि० रवि किस्कु, स०अ०नि० नारद कुमार, स०अ०नि० गौरव कुमार, स०अ०नि० ज्योति कुमार तिवारी, स०अ०नि० अनिल कुमार एवं थाना सशस्त्र बल की टीम ने कार्रवाई की।

