विधानसभा घेराव को निकले ABVP छात्रों को पुलिस ने पुरानी विधानसभा के पास रोका, चार बसों में हिरासत लेकर भेजा खेलगांव कैंप जेल–

–छात्रों और पुलिस के बीच करीब तीन घंटे चला हाईवोल्टेज ड्रामा, बसों के आगे बैठकर छात्रों ने किया जमकर विरोध..
राँची।झारखण्ड की राजधानी राँची में मंगलवार को विधानसभा घेराव को लेकर एक बार फिर माहौल गरमा गया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के छात्र-छात्राएं विधानसभा मार्च के लिए पुरानी विधानसभा के पास जुटे थे। जैसे ही छात्रों ने विधानसभा की ओर आगे बढ़ने की कोशिश की, पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक दिया। देखते ही देखते मौके पर तनाव बढ़ गया और छात्रों तथा पुलिस के बीच जोरदार नोकझोंक और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई।पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कई छात्रों को हिरासत में लेकर बस में बैठा दिया। छात्रों को बस में बैठाए जाने की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में अन्य ABVP कार्यकर्ता बस के सामने पहुंच गए और पुलिस कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। छात्र लगातार नारेबाजी करते रहे और हिरासत में लिए गए साथियों को तत्काल रिहा करने की मांग करते रहे।
बस के आगे जुटे छात्र, सड़क पर बैठकर किया विरोध
हिरासत में लिए गए छात्रों को लेकर जैसे ही पुलिस बसों को आगे बढ़ाने की कोशिश करने लगी, प्रदर्शनकारी छात्र बसों के सामने पहुंच गए। इससे पुलिस के सामने छात्रों को वहां से हटाने की चुनौती खड़ी हो गई।छात्रों का कहना था कि वे शांतिपूर्ण तरीके से विधानसभा तक मार्च निकालना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें पुरानी विधानसभा के पास ही रोक दिया। प्रदर्शनकारी छात्रों ने बताया कि ना पुलिस की बैरिकेडिंग और ना घेराबंदी को पार कर आगे बढ़ने की कोशिश की।फिर भी पुलिस छात्रों को बर्बरतापूर्वक घसीट कर बस ठूंसने लगा।
हंगामा को देखते हुए मौके पर पुलिस बल की तैनाती बढ़ाई गई। काफी देर तक सड़क पर छात्रों और पुलिस के बीच तनातनी की स्थिति बनी रही। प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे और हिरासत में लिए गए छात्रों को छोड़ने की मांग करते रहे।
करीब तीन घंटे तक चलता रहा हाईवोल्टेज ड्रामा
पुरानी विधानसभा के पास शुरू हुआ यह विरोध-प्रदर्शन करीब ढाई से तीन घंटे तक चलता रहा। इस दौरान सड़क पर हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। छात्र पुलिस की कार्रवाई का विरोध करते हुए लगातार नारेबाजी करते रहे, वहीं पुलिस छात्रों को नियंत्रित करने और उन्हें आगे बढ़ने से रोकने में जुटी रही।काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारी छात्रों को चार बसों में हिरासत में लिया। इसके बाद सभी को खेलगांव स्थित कैंप जेल भेज दिया गया।

ABVP ने सरकार पर लगाया दमन का आरोप
मौके पर मौजूद ABVP के छात्र नेता ने पुलिस और राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। छात्र नेता का कहना था कि सोमवार को विधानसभा मार्च के दौरान छात्र-छात्राओं को अंधेरे में दौड़ा-दौड़ाकर लाठी से पीटा गया। उन्होंने कहा कि सरकार और पुलिस की कथित बर्बरता के विरोध में मंगलवार को ABVP कार्यकर्ता विधानसभा मार्च के लिए पुरानी विधानसभा के पास जुटे थे।
ABVP छात्र नेता ने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों के आंदोलन से डर गई और इसी वजह से पुलिस के माध्यम से छात्रों को जबरन हिरासत में लिया गया।उन्होंने कहा कि संगठन शांतिपूर्ण तरीके से विधानसभा मार्च निकालना चाहता था, लेकिन पुलिस ने बीच रास्ते में ही छात्रों को रोक दिया और कई कार्यकर्ताओं को जबरन घसीटकर बस में बैठा दिया।
‘शांतिपूर्ण मार्च निकालना चाहते थे, फिर क्यों रोका गया?’
ABVP नेताओं का कहना है कि छात्रों की मांगों को लेकर विधानसभा तक शांतिपूर्ण तरीके से पहुंचना उनका लोकतांत्रिक अधिकार है। छात्र नेता ने सवाल उठाया कि यदि प्रदर्शनकारी शांतिपूर्ण मार्च निकालना चाहते थे तो उन्हें विधानसभा से पहले ही क्यों रोक दिया गया।उनका आरोप था कि पुलिस ने छात्रों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए पूरी ताकत लगा दी और कई कार्यकर्ताओं को जबरन बसों में बैठाया गया।
सोमवार के लाठीचार्ज के विरोध में बीजेपी ने बुलाया था झारखण्ड बंद
गौरतलब है कि सोमवार को विधानसभा घेराव के दौरान छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को झारखण्ड बंद का आह्वान किया था। बंद के दौरान राँचीसमेत राज्य के विभिन्न जिलों में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया।इसी राजनीतिक माहौल के बीच मंगलवार को ABVP छात्रों का विधानसभा मार्च और पुरानी विधानसभा के पास पुलिस की कार्रवाई ने राजधानी की सियासत को और गरमा दिया।
पुलिस कार्रवाई के बाद फिर उठे कई सवाल
ABVP छात्रों को हिरासत में लेकर खेलगांव कैंप जेल भेजे जाने के बाद अब पूरे मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी और तेज होने की संभावना है। एक ओर छात्र संगठन पुलिस कार्रवाई को दमनकारी बता रहा है, वहीं पुलिस की ओर से छात्रों को आगे बढ़ने से रोकने की कार्रवाई को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के कदम के तौर पर बताया जा रहा है।

