परीक्षा देने पहुंची छात्रा को लगा करंट, जलजमाव के बीच एलबीएसएम कॉलेज की व्यवस्था पर उठे सवाल

 

जमशेदपुर। परसुडीह थाना क्षेत्र स्थित एलबीएसएम कॉलेज में शनिवार को परीक्षा देने पहुंची एक छात्रा करंट की चपेट में आकर घायल हो गई। बारिश के बाद कॉलेज परिसर में जमा पानी से होकर गुजरने के दौरान अचानक छात्रा को करंट लग गया और वह वहीं गिर पड़ी। घटना के बाद कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी मच गई। छात्रा को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
घायल छात्रा की पहचान सुंदरनगर के नानदूप निवासी रायगुनी बोयपाई के रूप में हुई है। वह एलबीएसएम कॉलेज की ही छात्रा है और शनिवार को मेजर पॉलिटिकल साइंस की परीक्षा देने पहुंची थी।

बताया जा रहा है कि शनिवार को बारिश के कारण कॉलेज परिसर में जगह-जगह पानी जमा था। जिस गेट से परीक्षार्थियों को प्रवेश करना था, वह बंद था। ऐसे में रायगुनी दूसरे रास्ते से परीक्षा केंद्र की ओर जा रही थी।इसी दौरान वह जलजमाव वाले हिस्से से होकर गुजर रही थी। अचानक पानी में करंट प्रवाहित होने से वह उसकी चपेट में आ गई और गिर पड़ी। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसे संभाला और अस्पताल पहुंचाया।कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. अशोक झा ने बताया कि छात्रा की स्थिति सामान्य है और खतरे से बाहर है।

घटना के बाद छात्रों में कॉलेज प्रशासन के प्रति नाराजगी देखने को मिली। छात्रों का आरोप है कि कॉलेज परिसर में करंट लगने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी एक छात्रा करंट की चपेट में आ चुकी है।छात्रों का कहना है कि जलजमाव और विद्युत व्यवस्था को लेकर कॉलेज प्रशासन से कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। बारिश के दौरान परिसर में पानी जमा होने से खतरा और बढ़ जाता है।

शनिवार की घटना के बाद छात्र नेताओं ने कॉलेज प्रशासन को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि यदि कॉलेज परिसर में जलजमाव और विद्युत व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त नहीं किया गया, तो सोमवार से कॉलेज बंद कराया जाएगा।छात्र नेताओं ने पूरे परिसर की बिजली व्यवस्था की जांच कराने, जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की है।

पूरे मामले पर प्रिंसिपल डॉ. अशोक झा ने कहा कि कॉलेज में सोलर सिस्टम लगा हुआ है। इसके बावजूद घटना वाले स्थान पर करंट कैसे पहुंचा, इसकी जांच कराई जा रही है। मामले की जानकारी बिजली विभाग को दे दी गई है, ताकि विद्युत व्यवस्था की जांच कर समस्या का समाधान किया जा सके।उन्होंने कहा कि कॉलेज परिसर में जलजमाव भी एक बड़ी समस्या है। इसके समाधान के लिए भवन निर्माण विभाग को पत्र लिखा गया है। प्रिंसिपल ने बताया कि घायल छात्रा की स्थिति फिलहाल सामान्य है।

error: Content is protected !!