कोडरमा में 8 साल की बच्ची से हैवानियत, इलाके में आक्रोश; फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की छापेमारी

​कोडरमा।झारखण्ड के कोडरमा जिले के सदर थाना अंतर्गत छोटकी बागी इलाके में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक आठ वर्षीय मासूम बच्ची दरिंदगी का शिकार हुई है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।मिली जानकारी के मुताबिक, मूल रूप से डोमचांच थाना क्षेत्र के मसनोडीह का रहने वाला आरोपी रूपलाल मेहता फिलहाल छोटकी बागी इलाके में ही रह रहा था। आरोप है कि उसने मासूम को बहला-फुसलाकर अपनी हवस का शिकार बनाया। घटना के बाद जब पीड़िता ने परिजनों को आपबीती बताई, तो माँ ने तुरंत कोडरमा सदर थाना पहुँचकर नामजद शिकायत दर्ज कराई।शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई है। पीड़िता की माँ के आवेदन पर मामला दर्ज कर लिया गया है। बच्ची के दर्ज बयानों और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

​”मामला बेहद गंभीर है और पुलिस की प्राथमिक जांच जारी है। आरोपी फिलहाल फरार है, लेकिन उसे पकड़ने के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। आमजन से अपील है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।”— अरविंद कुमार, सदर थाना प्रभारी

इस सनसनीखेज वारदात के बाद से पूरे इलाके में गुस्सा और चिंता का माहौल है। स्थानीय ग्रामीणों ने घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त सजा देने की मांग की है, ताकि बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को कड़ा संदेश दिया जा सके।

error: Content is protected !!