पलामू:हथियार छीनकर भागने की कोशिश पड़ी भारी, पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हुआ कुख्यात अपराधी

पलामू।झारखण्ड के पलामू में गुरुवार तड़के पुलिस और कुख्यात अपराधी के बीच हुई मुठभेड़ में एक आरोपी घायल हो गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अपराधी सुमित चंद्रवंशी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस सर्च ऑपरेशन चला रही है।
पुलिस के मुताबिक, कुछ दिन पहले मेदिनीनगर के कोयल नदी क्षेत्र में हुई फायरिंग की घटना में तीन लोग घायल हुए थे। इस मामले में सुमित चंद्रवंशी को मुख्य आरोपी बनाया गया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी।
गुरुवार सुबह पुलिस ने सदर थाना क्षेत्र के बजराहा इलाके से सुमित को दबोच लिया। आरोप है कि गिरफ्तारी के बाद उसने पुलिसकर्मी का हथियार छीन लिया और भागने का प्रयास किया। इस दौरान उसने पुलिस टीम पर फायरिंग भी कर दी। जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई, जो उसके पैर में लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
पलामू के एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि आरोपी की हरकत के बाद पुलिस को आत्मरक्षा और उसे रोकने के लिए जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी। उन्होंने कहा कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और इलाके में अन्य संदिग्धों की तलाश के लिए अभियान जारी है।
सुमित चंद्रवंशी मेदिनीनगर का रहने वाला बताया जाता है और उस पर एक आपराधिक गिरोह से जुड़े होने का आरोप है। हाल के दिनों में पलामू पुलिस अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। इससे पहले हुई एक अन्य मुठभेड़ में कुख्यात अपराधी फैज खान भी पुलिस की गोली से घायल हुआ था।

