आपसी विवाद बना खूनी खेल: पलामू में चाचा ने भतीजे को उतारा मौत के घाट, पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोचा

पलामू।झारखण्ड के पलामू जिले के उंटारी रोड थाना क्षेत्र (मुरमा कला पंचायत, लकड़ही टोला) से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहाँ मामूली विवाद में चाचा प्रभु रजवार ने अपने ही 25 वर्षीय भतीजे चदीका रजवार पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी निर्मम हत्या कर दी।

घटना बुधवार की देर रात की है। बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर चाचा-भतीजे में बहस छिड़ी थी। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि प्रभु रजवार ने आपा खो दिया और घर में रखे धारदार हथियार से चदीका पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। चदीका की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी चाचा ने खुद को घर के भीतर बंद कर लिया।

जंगली और सुदूरवर्ती इलाका होने के कारण घटना की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। उंटारी रोड थाना प्रभारी संतोष गिरी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। इलाके की संवेदनशीलता को देखते हुए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर रेहला, विश्रामपुर और पांडू थाना प्रभारी पुलिस टीमों ने भी घेराबंदी की।

घर के अंदर छिपे आरोपी प्रभु रजवार को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दबोच लिया। घटना के बाद गांव में मातम और चीख-पुकार का माहौल था। आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों को पुलिस अधिकारियों ने काफी समझाया और स्थिति को नियंत्रित किया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शुक्रवार को पोस्टमार्टम के लिए एमएमसीएच (MMCH) भेज दिया है। आखिर ऐसी कौन सी रंजिश थी जिसने एक चाचा को भतीजे का कातिल बना दिया? पुलिस फिलहाल सभी बिंदुओं पर गहराई से तफ्तीश कर रही है।

error: Content is protected !!