लोहरदगा में दुस्साहस: दुकान में घुसकर 25 वर्षीय शुभम की गोली मारकर हत्या, भड़का जनआक्रोश

लोहरदगा।शहर में अपराधियों के बेखौफ इरादों ने एक बार फिर सनसनी फैला दी है। पतरा टोली स्थित प्रिया स्टोर के 25 वर्षीय युवा संचालक शुभम कुमार की बाइक सवार अपराधियों ने सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद बेखौफ हमलावर मौके से बड़ी आसानी से फरार हो गए। इस दुस्साहसिक घटना के बाद पतरा टोली सहित पूरे इलाके में खौफ, शोक और गहरा आक्रोश व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुनील प्रसाद के 25 वर्षीय पुत्र शुभम कुमार पतरा टोली स्थित अपनी दुकान प्रिया स्टोर में मौजूद थे। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर दो अज्ञात अपराधी वहां पहुंचे। दोनों में से एक अपराधी दुकान के अंदर घुसा और बिना किसी बातचीत या बहस के शुभम की छाती में सीधे गोली मार दी। गोली लगते ही शुभम गंभीर रूप से घायल होकर दुकान में ही गिर पड़े। गोली चलने की गूंज सुनते ही आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और लहूलुहान शुभम को इलाज के लिए लोहरदगा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शुभम की मौत की खबर फैलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों में कोहराम मच गया। घटना से आक्रोशित लोगों ने पावरगंज चौक को पूरी तरह से जाम कर दिया और अपराधियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी तथा शहर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग करने लगे। सड़क जाम होने से काफी देर तक यातायात बाधित रहा।
इधर सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके की नाकेबंदी कर साक्ष्य जुटाने में जुट गई। अपराधियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या की वजह का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है, लेकिन जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।

