प्रेम प्रसंग,नाजायज रिश्ते और ‘अपना बच्चा’ पाने की सनक… गढ़वा हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा

गढ़वा। झारखण्ड के गढ़वा जिले में 19 जुलाई को हुई दीपक कुजूर की हत्या के मामले में पुलिस ने ऐसा खुलासा किया है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। जांच में सामने आया कि यह हत्या किसी पुरानी रंजिश या लूटपाट का परिणाम नहीं थी, बल्कि एक दशक पुराने प्रेम संबंध और अपने बच्चे को पाने की सनक में रची गई सुनियोजित साजिश का अंजाम थी।

पुलिस के अनुसार, मृतक दीपक कुजूर की पत्नी का पलामू निवासी चश्मा व्यवसायी मातीन अख्तर के साथ करीब 10 वर्षों से प्रेम संबंध था। इसी दौरान दोनों के बीच शारीरिक संबंध बने, जिससे महिला गर्भवती हो गई। लेकिन परिवार की इच्छा के चलते महिला के पिता ने उसकी शादी सिमडेगा निवासी नौकरीपेशा युवक दीपक कुजूर से कर दी।

शादी के लगभग चार महीने बाद महिला ने बच्चे को जन्म दिया। पुलिस का दावा है कि मातीन अख्तर उस बच्चे को अपने पास रखना चाहता था। इसी उद्देश्य से उसने दीपक को रास्ते से हटाने की साजिश रची और अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने पहले सिमडेगा में हत्या की योजना बनाई थी, लेकिन मौका नहीं मिल पाया। बाद में 19 जुलाई को जब दीपक अपनी ससुराल रमकांडा से बाइक पर सिमडेगा लौट रहा था, तब भंडरिया-बढ़गढ़ के बीच जंगल के पास घात लगाकर बैठे अपराधियों ने उसे रोक लिया और गोली मारकर उसकी हत्या कर दी।

गढ़वा के पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने बताया कि मामले के खुलासे के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया था। तकनीकी साक्ष्यों, पूछताछ और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस पूरी साजिश तक पहुंचने में सफल रही।

एसपी के मुताबिक, पूछताछ में यह भी सामने आया कि हत्या से पहले दीपक ने अपनी जान बख्शने की गुहार लगाई थी। उसने कथित तौर पर आरोपियों से कहा था कि वह बच्चे को उन्हें सौंप देगा, लेकिन हमलावरों ने उसकी एक नहीं सुनी और मौके पर ही उसकी हत्या कर दी।बताया कि मृतक की पत्नी पूर्व में डाल्टनगंज में काम करती थी, जिसके मालिक मतिन अख्तर उर्फ मुन्ना खान से इनका प्रेम प्रसंग हो गया। दिसंबर-2025 में शादी होने के बाद महिला अपने पति दीपक कुजूर के साथ रहने के लिए सिमडेगा चली गई तथा कुछ दिन पूर्व में उसे एक बेटी भी हुई थी। महिला के प्रेमी मतिन अख्तर उर्फ मुन्ना खान चाहता था कि वह अपनी बेटी के साथ में आकर डाल्टनगंज में उसके साथ रहे, लेकिन ऐसा नहीं होने के कारण मतिन अख्तर के द्वारा अपने सहयोगियों के साथ मिलकर महिला के पति को अपने रास्ते से हटाने के उद्देश्य से इस घटना को अंजाम दिया गया। घटना में संलिप्त एक अभियुक्त परवेज आलम को पूर्व में गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। इसके पश्चात अन्य 02 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।गिरफ्तार आरोपी मतिन अख्तर उर्फ मुन्ना खान, पिता-मोहम्मद मासूम, पता-नवाटोली,मफ़ूज अंसारी, पिता-कलाम मियां, पता-कुमनी, पोस्ट-सलतुआ, थाना-चैनपुर, जिला-पलामू।
साथ ही गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से घटना में प्रयुक्त निम्न हथियार एवं सामान बरामद किया गया है

इस मामले में पुलिस अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो देसी पिस्टल, 18 जिंदा कारतूस, घटना में इस्तेमाल की गई एक स्कॉर्पियो और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। मामले की जांच अभी भी जारी है और आगे की जांच में कुछ और महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने की संभावना जताई जा रही है।

error: Content is protected !!