छेड़खानी के विरोध पर खूनी खेल: पलामू में गोलियों की तड़तड़ाहट और चाकूबाजी, दो लोगों को लगी गोली,एक चाकूबाजी में घायल,पुलिस की कार्रवाई जारी….

पलामू।झारखण्ड के पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाला बंदूआ गांव बुधवार की देर शाम गोलियों की गूंज और चीख-पुकार से दहल उठा। एक लड़की से हुई छेड़खानी का विरोध करना एक परिवार को इस कदर भारी पड़ा कि बेखौफ अपराधियों ने सरेआम खूनी खेल खेल डाला। बेधड़क गोलियां बरसाई गईं और चाकू से ताबड़तोड़ वार किए गए। इस दुस्साहसिक हमले में दो लोग गोली लगने से और एक महिला चाकू के हमले से लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। तीनों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है

​घटना के बाद गांव में अफरातफरी और चीख-पुकार मच गई। वारदात के शिकार हुए लोग चैनपुर के गरदा गांव के निवासी हैं, जिनकी पहचान मकबूल मियां, सुलेमान मियां और शाहीना बीबी के रूप में हुई है। लहूलुहान पड़े तीनों घायलों को स्थानीय ग्रामीणों की मुस्तैदी और मदद से आनन-फानन में इलाज के लिए मेदिनीनगर स्थित मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल  ले जाया गया। वहां के डॉक्टरों के मुताबिक, तीनों के शरीर पर गहरे जख्म हैं और उनकी स्थिति लगातार गंभीर बनी हुई है।

​घायलों के परिजनों का आरोप है कि इस पूरी खौफनाक वारदात की जड़ लड़की से की गई छेड़खानी है। जब परिजनों ने इस अभद्रता का विरोध किया, तो दूसरे पक्ष के लोग आपा खो बैठे और हथियार लेकर टूट पड़े। परिजनों ने सीधे तौर पर तबरेज, अबरेज आलम, गोखुला मियां, आजाद मियां, क्यूम मियां, शेरू मियां, सोनू मियां और इमरान मियां समेत कई अन्य लोगों को नामजद करते हुए गोलियां चलाने, मारपीट करने और महिला पर चाकू से कातिलाना हमला करने का संगीन आरोप लगाया है।

​सरेराह हुई इस गोलीबारी की खबर मिलते ही चैनपुर थाना पुलिस हरकत में आई और दलबल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर साक्ष्य जुटाए हैं और हमलावरों का सुराग लगाने के लिए इलाके में छापेमारी शुरू कर दी है। चैनपुर थाना प्रभारी लाल जी ने घटना के पीछे छेड़खानी के विवाद की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहराई से जांच कर रही है। हालांकि, घटना के बाद से सभी आरोपी फरार हैं और फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

error: Content is protected !!