आदित्यपुर में खूनी खेल: 8-10 अपराधियों ने होटल संचालक पर की ताबड़तोड़ फायरिंग, कमर में लगी गोली..जांच में जुटी है पुलिस…

सरायकेला।झारखण्ड के सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना अंतर्गत गम्हरिया रेलवे स्टेशन स्थित रेलवे अंडरपास (भीतरी पुल) के पास मंगलवार देर रात लगभग 10 बजे अपराधियों ने एक बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम दिया। ‘गोराई स्वीट्स’ (गोराई होटल) के संचालक विशाल गोराई पर घात लगाए बैठे 8 से 10 अज्ञात अपराधियों ने अंधाधुंध गोलियाँ बरसा दीं।
घर लौटते वक्त बना निशाना
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विशाल गोराई रात में अपनी दुकान बंद कर काशीडीह स्थित अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वे गम्हरिया रेलवे स्टेशन के समीप अंडरपास के पास पहुंचे, पूर्व से घात लगाए बैठे नकाबपोश/अज्ञात अपराधियों ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
अचानक हुई इस गोलीबारी में एक गोली विशाल की कमर में जा लगी, जिससे वे मौके पर ही लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद सभी हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
स्थानीय लोगों की तत्परता और TMH में इलाज
घटनास्थल पर गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार सुनकर दौड़े स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए गंभीर रूप से घायल विशाल को तुरंत जमशेदपुर स्थित टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) पहुँचाया। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है और इलाज जारी है।
आपसी रंजिश की आशंका: आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुँचे और निरीक्षण किया। प्राथमिक जांच के आधार पर मामला आपसी रंजिश/वर्चस्व की लड़ाई से जुड़ा प्रतीत हो रहा है।
CCTV फुटेज और छापेमारी: पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर साक्ष्य जुटाए हैं। आसपास की सड़कों और दुकानों में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
संभावित ठिकानों पर दबिश: थाना प्रभारी के अनुसार अपराधियों की धरपकड़ के लिए कई संदिग्ध ठिकानों पर पुलिस की विशेष टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
व्यापारियों में भारी आक्रोश व दहशत
इस वारदात के बाद से स्थानीय व्यवसायियों और आम नागरिकों में भारी आक्रोश और खौफ का माहौल है। व्यापारियों ने रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था सख्त करने की मांग की है।

