दुर्गापुर में NIA की बड़ी कार्रवाई, अंतरराष्ट्रीय मानव तस्करी मामले में संदिग्ध के घर छापा

 

दुर्गापुर। अंतरराष्ट्रीय मानव तस्करी से जुड़े एक मामले की जांच के तहत राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने सोमवार सुबह पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर स्थित न्यू स्टील पार्क (मेनगेट) इलाके में एक संदिग्ध के घर पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और स्थानीय लोगों में हलचल मच गई।

मिली जानकारी के अनुसार, एनआईए की छह सदस्यीय टीम, जिसमें एक महिला अधिकारी भी शामिल थीं, ने गुलाम जामा नामक व्यक्ति के आवास पर कई घंटों तक तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान घर में मौजूद लोगों से पूछताछ की गई और महत्वपूर्ण दस्तावेजों के साथ इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की भी जांच की गई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि गुलाम जामा मूल रूप से बिहार के मुजफ्फरपुर का रहने वाला है और पिछले कुछ वर्षों से दुर्गापुर में रह रहा था। बताया जाता है कि वह सऊदी अरब सहित कई देशों में काम कर चुका है।एनआईए की कार्रवाई की सूचना मिलते ही दुर्गापुर थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और पूरे अभियान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था संभालती रही।

सूत्रों के मुताबिक, यह छापेमारी अंतरराष्ट्रीय मानव तस्करी नेटवर्क की जांच का हिस्सा है। हालांकि, एजेंसी ने अभी तक इस कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। तलाशी के दौरान क्या बरामद हुआ और आगे जांच किस दिशा में बढ़ेगी, इसे लेकर एनआईए की आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।

error: Content is protected !!