आधी रात को स्कॉर्पियो बनी मवेशी तस्करों की ‘मिनी ट्रक’, नामकुम पुलिस की रेड में खुला तस्करी का बड़ा गिरोह…

राँची। मवेशी तस्करी के लिए तस्कर नए-नए और अजीबो-गरीब तरीके अपना रहे हैं। लेकिन पुलिस की सतर्कता से उनके मंसूबों पर लगातार पानी फिर रहा है। ताजा मामला राँची के नामकुम थाना क्षेत्र का है, जहां 25-26 जुलाई की दरमियानी रात करीब 1 बजे पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर मवेशी तस्करी के एक संगठित गिरोह की पोल खोल दी।पुलिस को सूचना मिली थी कि संगठित गिरोह के कुछ सदस्य राजा उल्लातु और परताडीह टोला के आसपास जमा होकर गोवंशीय पशुओं की चोरी और तस्करी की फिराक में हैं। इस सूचना पर त्वरित संज्ञान लेते हुए ग्रामीण एसपी के नियंत्रण और डीएसपी (मुख्यालय-1) के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।

​सीटें उखाड़कर बनाई गई थी स्पेशल ‘तस्करी गाड़ी’

​गठित पुलिस टीम जब ग्राम राजा उल्लातु परताडीह टोला के पास पहुंची, तो सड़क किनारे एक संदिग्ध काले रंग की स्कार्पियो (नंबर JH13A-6737) खड़ी मिली। पुलिस ने जब करीब जाकर देखा तो पाया कि करीब 7 से 8 लोग बेदर्दी से मवेशियों को स्कार्पियो के अंदर लाद रहे थे।ताज्जुब की बात यह थी कि तस्करों ने स्कार्पियो की चालक सीट को छोड़कर अंदर की सभी सीटें खोलकर हटा दी थीं, ताकि ज्यादा से ज्यादा मवेशियों को ठूंस-ठूंसकर भरा जा सके। पुलिस बल को देखते ही सभी तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर वाहन और मवेशियों को छोड़कर भागने लगे। हालांकि, मुस्तैद जवानों ने खदेड़कर एक आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया।

पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम तबरेज अंसारी (35 वर्ष), पिता- स्व. तस्लीम अंसारी उर्फ लोहा अंसारी, निवासी- काटमकुली, थाना पिठौरिया (राँची ) बताया है। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने कबूल किया कि उनका गिरोह राँची के ग्रामीण इलाकों से गाय, बैल, बछड़े और बकरियों की चोरी कर तस्करी करता है।

 

​जब्त किए गए सामानों और मवेशियों का विवरण

मवेशी: 1 गाय, 1 बैल तथा 3 बछड़े (सभी काले-भूरे रंग के)

वाहन: 1 काले रंग की स्कार्पियो (नंबर: JH13A-6737, चालक सीट के अलावा अन्य सीटें गायब)

मोबाइल: 1 रियलमी कंपनी का नीले रंग का एंड्रॉइड फोन (मो. नं.- 9234471424)

अन्य: मवेशियों को बांधने में इस्तेमाल पुरानी प्लास्टिक रस्सियां (2 पीली एवं 1 नीली)

​कड़ी धाराओं में मामला दर्ज, अन्य तस्करों की तलाश जारी

​इस मामले में नामकुम थाने में कांड संख्या 198/26 (दिनांक 26.07.2026) दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ BNS की संबंधित धाराओं के साथ-साथ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम (1960) की धारा 11(1)(d)(e) और झारखंड गोवंशीय पशु हत्या प्रतिषेध अधिनियम (2005) की धारा 12 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। फरार अन्य 6-7 आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।

​इस सफल कार्रवाई में नामकुम थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक रामनारायण सिंह, पु.अ.नि. जयदेव कुमार सराक, पु.अ.नि. गौतम कुमार, स.अ.नि. उज्जवल कुमार सिंह तथा नामकुम थाना रिजर्व गार्ड के सशस्त्र बल शामिल थे।

error: Content is protected !!