कोल परियोजना में गोलियों की गूंज: हाईवा के खलासी को दोनों पैरों में लगी गोली, मौके पर मिला राहुल दुबे गैंग के नाम का पर्चा

रामगढ़/हजारीबाग। झारखण्ड के कोल क्षेत्रों में एक बार फिर अपराधियों ने अपनी मौजूदगी का अहसास कराया है। रामगढ़ जिले से सटे हजारीबाग के गिद्दी ए परियोजना क्षेत्र में शनिवार देर शाम हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। बाइक सवार तीन हथियारबंद अपराधियों ने हाईवा वाहन को निशाना बनाते हुए गोलियां चलाईं, जिसमें वाहन के खलासी करण कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके दोनों पैरों में गोली लगी है और उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।
पहले थमाया पर्चा, फिर बरसा दी गोलियां
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीन अपराधी एक बाइक पर सवार होकर गिद्दी ए परियोजना के क्रशर के पास पहुंचे। उन्होंने पहले हाईवा के पास मौजूद खलासी करण कुमार को एक पर्चा थमाया और इसके कुछ ही क्षण बाद अचानक फायरिंग शुरू कर दी। अचानक चली गोलियों से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे, जबकि घायल खलासी दर्द से तड़पता रहा।साथियों ने आनन-फानन में करण कुमार को गिद्दी सीसीएल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया।
धमकी भरे पर्चे से बढ़ी सनसनी
घटनास्थल से पुलिस को एक धमकी भरा पर्चा मिला है, जिस पर कथित तौर पर राहुल दुबे गैंग का नाम लिखा हुआ है। पर्चे में आनंद जैन को “मैनेज” करने की धमकी देते हुए गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी गई है। हालांकि पुलिस अभी इस पर्चे की सत्यता और उसके वास्तविक संबंधों की जांच कर रही है।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
फायरिंग की सूचना मिलते ही गिद्दी थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पूरे इलाके की घेराबंदी कर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। पुलिस आसपास लगे संभावित सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि अपराधियों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके।घटनास्थल से मिले पर्चे सहित अन्य साक्ष्यों को जब्त कर लिया गया है और तकनीकी व वैज्ञानिक तरीकों से जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
गिद्दी थाना प्रभारी मो. इकबाल हुसैन ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। घटनास्थल से मिले सभी साक्ष्यों को कब्जे में ले लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मामले का जल्द खुलासा करने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।
कर्मचारियों में दहशत, सुरक्षा पर उठे सवाल
घटना के बाद गिद्दी ए परियोजना में काम करने वाले कर्मचारियों, वाहन चालकों और स्थानीय लोगों के बीच भय का माहौल है। लगातार कोयला परियोजना क्षेत्रों में हो रही फायरिंग और धमकी की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और फायरिंग के पीछे की वास्तविक वजह के साथ-साथ धमकी भरे पर्चे के संबंधों की भी गहन जांच कर रही है।फिलहाल पूरे इलाके में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

