चतरा में नशे के कारोबार पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 7.54 किलो अफीम और 293.9 किलो डोडा बरामद, एक गिरफ्तार

चतरा.जिले के कुन्दा थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अफीम और अफीम डोडा बरामद किया है। इस कार्रवाई में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 24 जुलाई को वरीय पुलिस पदाधिकारी को गुप्त सूचना मिली थी कि कुन्दा थाना क्षेत्र के तेगम गांव निवासी जलेश कुमार (22 वर्ष), पिता फुलेश्वर महतो, अपने घर में व्यापार के उद्देश्य से अवैध रूप से अफीम और अफीम डोडा छिपाकर रखे हुए हैं। सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सिमरिया के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।

टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के घर पर छापा मारा, जहां से 7.540 किलोग्राम अफीम, 293.900 किलोग्राम अफीम डोडा, एक छोटा इलेक्ट्रॉनिक तराजू तथा वीवो कंपनी का एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया गया। मौके से जलेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया।

इस मामले में कुन्दा थाना कांड संख्या 52/2026 दिनांक 24 जुलाई 2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 15, 18, 27 एवं 29 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। वहीं, इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी है।

छापेमारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सिमरिया श्री नागरगोजे शुभम भाऊसाहेब (भा.पु.से.), कुन्दा थाना प्रभारी प्रिंस कुमार सिंह, सहायक अवर निरीक्षक अशोक कुमार मंडल तथा कुन्दा थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।

error: Content is protected !!