25 करोड़ लोन मामले में धोखाधड़ी का आरोप. फर्जी एग्रीमेंट बनाकर 75 लाख हड़पने का आरोप,प्राथमिकी दर्ज..

 

 

राँची। राजधानी में एक बड़े वित्तीय घोटाले का मामला सामने आया है। निर्माण क्षेत्र से जुड़ी कंपनी के निदेशक ने SREI इक्वीपमेंट फाइनेंस लिमिटेड के अधिकारी पर करोड़ों की धोखाधड़ी, जालसाजी और धमकी देने का आरोप लगाया है।इस संबंध में लालपुर थाना में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।आवेदन के अनुसार, विजेता प्रोजेक्ट एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के निदेशक पंचम सिंह ने बताया कि उनकी कंपनी पिछले 35 वर्षों से सरकारी निर्माण कार्यों में सक्रिय है। वर्ष 2009 में SREI इक्वीपमेंट फाइनेंस लिमिटेड ने उनकी कंपनी को उपकरण के लिए 25 करोड़ रुपये का ऋण दिया था।

पंचम सिंह के मुताबिक, जनवरी 2018 तक कंपनी पर केवल 1.48 करोड़ रुपये बकाया रह गया था।आरोप है कि इसके बाद कंपनी के वाइस प्रेसिडेंट जितेंद्र कुमार मिश्रा ने OTS के नाम पर लगातार दबाव बनाकर मोटी रकम की मांग शुरू कर दी।आवेदन में कहा गया है कि मिश्रा ने OTS के तहत खाता बंद कराने का झांसा देकर पहले 10-10 लाख रुपये दो बार नकद लिए।इसके बाद वर्ष 2022 में 55 लाख रुपये कंपनी के खाते में जमा कराए गए।कुल मिलाकर करीब 75 लाख रुपये देने के बावजूद लोन खाता बंद नहीं किया गया।

आरोप है कि बाद में एक फर्जी ऋण एकरारनामा तैयार कर कंपनी पर करीब 2.5 करोड़ रुपये की देनदारी दिखा दी गई।इस दस्तावेज में निदेशक पंचम सिंह के जाली हस्ताक्षर और कंपनी की फर्जी मुहर का इस्तेमाल किया गया।पंचम सिंह ने यह भी कहा कि मामले की जानकारी NCLT में चल रहे केस की कानूनी समीक्षा के दौरान सामने आई।उन्होंने स्पष्ट किया कि कंपनी ने किसी भी मंच पर उक्त एग्रीमेंट में किए गए हस्ताक्षर को स्वीकार नहीं किया है। आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी अधिकारी लगातार धमकी दे रहे हैं और फर्जी मुकदमे में फंसाने की बात कह रहे हैं।

error: Content is protected !!