रफ्तार का कहर: छुट्टी पर घर आए CRPF जवान की सड़क हादसे में मौत, फूटा ग्रामीणों का गुस्सा,कई घंटे रखा सड़क जाम…

चतरा।झारखण्ड के चतरा जिला के सिमरिया-चतरा मुख्य मार्ग पर स्थित देल्हो घाटी में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में एक तेज रफ्तार हाईवा की चपेट में आने से जम्मू-कश्मीर में तैनात सीआरपीएफ जवान लक्ष्मण कुमार यादव (28 वर्ष) की दर्दनाक मौत हो गई। बिराजपुर गांव के रहने वाले लक्ष्मण कुमार यादव महज सात दिन पहले ही एक महीने की छुट्टी लेकर अपने परिवार के साथ वक्त बिताने घर आए थे, लेकिन किसे पता था कि उनकी यह घर वापसी आखिरी साबित होगी।

​घटना के संबंध में बताया जाता है कि गुरुवार को लक्ष्मण अपनी बाइक से सिमरिया की तरफ से वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे एक बेहद तेज रफ्तार हाईवा ने उनकी बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। यह हाईवा कटकमसांडी रेलवे साइडिंग में कोयला खाली करके लौट रहा था। टक्कर इतनी भीषण थी कि जवान सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय ग्रामीणों ने आनन-फानन में उन्हें नजदीकी रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें हजारीबाग और फिर वहां से राँची रिम्स रेफर कर दिया। दुर्भाग्यवश,राँची रिम्स ले जाने के क्रम में रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

​इस दुखद घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने चतरा-सिमरिया पथ पर बिराजपुर के पास शव को सड़क पर रखकर शाम 5:00 बजे से चक्का जाम कर दिया। उग्र लोग दोषी हाईवा चालक की तुरंत गिरफ्तारी, मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने और इस मार्ग पर बेकाबू दौड़ने वाले कोयला वाहनों की रफ्तार पर रोक लगाने की मांग कर रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि इस रूट पर कोयला गाड़ियों की लापरवाही के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।

​इधर हादसे को अंजाम देने के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त हाईवा को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश में छापेमारी कर रही है। मामले की पुष्टि करते हुए सिमरिया अंचलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि चतरा डीसी ने इस घटना पर संज्ञान लिया है। चतरा सदर सीओ और थाना प्रभारी की देखरेख में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी भारी बल के साथ मौके पर मौजूद रहे और प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों को समझा-बुझाकर सड़क जाम हटा दिया।

error: Content is protected !!