Ranchi:रिंग रोड पर तेज रफ्तार थार की टक्कर से बुजुर्ग की मौत, चालक वाहन लेकर फरार

राँची।राजधानी राँची के नामकुम के खरसीदाग ओपी इलाके में शनिवार को तेज रफ्तार थार की चपेट में आने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है।जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान तेतरी गांव निवासी 76 वर्षीय जोसेफ लुकस तिर्की के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वह तेतरी स्थित चर्च के समीप रिंग रोड पार कर रहे थे। इसी दौरान तुपुदाना की ओर से तेज गति से आ रही काले रंग की थार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जोसेफ लुकस तिर्की की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए और इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही खरसीदाग ओपी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दुर्घटना के बाद चालक बिना रुके थार लेकर फरार हो गया। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि वाहन की पहचान कर चालक को जल्द गिरफ्तार किया जा सके।पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच जारी है।
आईटीबीपी रिंग रोड पर दर्दनाक मौत
शनिवार को सबसे दर्दनाक हादसा राँची के आईटीबीपी रिंग रोड के पास हुआ। मिली जानकारी के अनुसार,ओरमांझी की रहने वाली एक महिला इस मार्ग से गुजर रही थी,तभी एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से यह भीषण दुर्घटना हो गई।टक्कर इतनी जोरदार और खौफनाक थी कि महिला को संभलने या इलाज का मौका भी नहीं मिला।उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।दुर्घटना के बाद चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों की भारी भीड़ जुट गई।घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची। पुलिस ने उग्र होती भीड़ को शांत कराया और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है।
वहीं,डोरंडा थाना क्षेत्र में शनिवार को एक तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने जैप के एक जवान को जोरदार टक्कर मार दी।इस हादसे में जवान गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका हाथ टूट गया है।घटना की सूचना मिलते ही डोरंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कार में सवार दो युवकों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया है।पकड़े गए दोनों युवक नाबालिग बताए जा रहे हैं।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वाहन की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण चालक नियंत्रण खो बैठा और स्कूटी से जा रहे जवान को अपनी चपेट में ले लिया। फिलहाल पुलिस ने घायल जवान को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया है और मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। 

