ससुराल की राह बनी अंतिम सफर: बगदा घाटी की खाई में गिरी बाइक, दंपती की मौत, दो मासूम घायल

राँची।बीमार सास का हालचाल लेने निकला एक परिवार कभी घर नहीं लौट सका। शुक्रवार को ठाकुरगांव थाना क्षेत्र के बगदा घाटी में हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां पल भर में उजाड़ दीं। 

जानकारी के अनुसार,शुक्रवार को करीब साढ़े तीन बजे बुढ़मू थाना क्षेत्र के बाड़े गांव निवासी नारायण सिंह अपनी पत्नी प्रिया कुमारी और दो बच्चों के साथ पल्सर बाइक से पतरातू थाना क्षेत्र के साकुल गांव स्थित ससुराल जा रहे थे। इसी दौरान बगदा घाटी में बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और लगभग 100 फीट गहरी खाई में जा गिरी।

हादसा इतना भयावह था कि नारायण सिंह और उनकी पत्नी प्रिया कुमारी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं उनके दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही ठाकुरगांव पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से खाई में गिरे दंपती के शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजा गया। घायल बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अस्पताल रेफर किया गया।

फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। इस दर्दनाक हादसे से बाड़े गांव और मृतक परिवार के रिश्तेदारों में गहरा शोक व्याप्त है। एक पल में दो मासूमों के सिर से माता-पिता का साया उठ जाने से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।

error: Content is protected !!