रेलवे ठेकेदारों से रंगदारी की साजिश नाकाम, प्रिंस खान गैंग का कथित सदस्य हथियारों संग गिरफ्तार
धनबाद।झारखण्ड के धनबाद पुलिस ने एक बड़ी आपराधिक साजिश को समय रहते विफल करने का दावा किया है। चिरकुंडा थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने प्रिंस खान गिरोह के कथित सक्रिय सदस्य मो. रिजवान सिद्दीकी (45) को गिरफ्तार किया है। आरोपी निरसा थाना क्षेत्र के वृंदावनपुर का निवासी बताया गया है।
पुलिस के अनुसार, रिजवान सिद्दीकी अवैध हथियारों की व्यवस्था करने और उन्हें गिरोह तक पहुंचाने का काम करता था। सूचना मिली थी कि वह अपने एक परिचित के घर में बड़ी मात्रा में हथियार और कारतूस जमा कर किसी बड़ी वारदात की तैयारी कर रहा है। इसके बाद गठित विशेष टीम ने छापेमारी कर उसे दबोच लिया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक 9 एमएम पिस्टल, एक 7.65 एमएम देशी पिस्टल, दोनों के मैगजीन, 33 जिंदा कारतूस और हथियारों की खरीद-बिक्री से जुड़ी बातचीत वाला एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया है।
ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब ने गुरुवार को बताया कि पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया है कि वह जेल में बंद अफजल अमन के निर्देश पर हथियार और गोलियां इकट्ठा कर रहा था। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि प्रिंस खान गिरोह के नाम पर रेलवे टेंडर से जुड़े ठेकेदारों को धमकाकर रंगदारी वसूलने की योजना बनाई जा रही थी।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ चिरकुंडा थाना में आर्म्स एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों और संभावित नेटवर्क की भी जांच शुरू कर दी गई

