गिरिडीह: जंगल में अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी, जांच में जुटी पुलिस
गिरिडीह।गांडेय प्रखंड मुख्यालय से सटे विश्वासडीह जंगल में मंगलवार की सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की खबर आग की तरह फैल गई, जिसके बाद मौके पर स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
सुबह जब कुछ ग्रामीण जंगल की तरफ गए, तो उन्होंने शव को देखा और तुरंत इसकी सूचना स्थानीय जनप्रतिनिधियों और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही गांडेय प्रखंड प्रमुख राजकुमार पाठक और गांडेय थाना प्रभारी अमित कुमार चौधरी पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे।
पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के बाद शव को अपने कब्जे में ले लिया है। शव की शिनाख्त (पहचान) करने के प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन खबर लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई थी। पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी अमित कुमार चौधरी ने बताया कि पुलिस मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल आस-पास के थानों को भी सूचित कर दिया गया है ताकि मृतक की पहचान जल्द से जल्द की जा सके।।
विश्वासडीह जंगल में इस तरह अज्ञात शव मिलने से स्थानीय लोगों में डर और कौतूहल का माहौल है। इलाके में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। आशंका जताई जा रही है कि मामला हत्या का भी हो सकता है, हालांकि पुलिस अभी कुछ भी स्पष्ट कहने से बच रही है और वैज्ञानिक साक्ष्यों व पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

